नई दिल्ली: संसद के विशेष सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में नारी वंदन अधिनियम से जुड़े कार्यक्रम में ऐलान किया है कि 2029 के चुनावों में महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में आरक्षण मिलेगा । पीएम मोदी ने विपक्ष से अपील की है कि कि इस विशेष सत्र में महिलओं के आरक्षण को 2029 में ही देने के निर्णय का समर्थन करें ।
Narendra Modi ने नारी वंदन अधिनियम से जुड़े कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान देश की महिलाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि देश महिलाओं की आकांक्षाओं को समझता है और उनके सपनों को साकार करने के लिए लगातार कदम उठा रहा है।
प्रधानमंत्री ने संसद में होने वाली चर्चा से पहले महिलाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे इस पूरी प्रक्रिया में अपनी सक्रियता बनाए रखें। उन्होंने महिलाओं से अपने-अपने क्षेत्रों के सांसदों से मिलकर अपनी अपेक्षाएं और विचार रखने को कहा। पीएम मोदी ने यह भी सुझाव दिया कि जब सांसद संसद जाने के लिए निकलें, तो महिलाएं उन्हें आशीर्वाद देकर विदा करें, ताकि वे महिलाओं के हित में सही निर्णय ले सकें।
उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल किसी एक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश और सभी राजनीतिक दलों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने इस पहल का श्रेय देश की “मातृशक्ति”, संसद और पिछले कई दशकों से इस दिशा में काम कर रहे सभी लोगों को दिया।
पीएम मोदी ने नारी शक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर होने वाली चर्चाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए, चाहे वह व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से हो या सोशल मीडिया के जरिए। उनका कहना था कि हर महिला को इस बड़े निर्णय की ताकत और उसमें अपनी भूमिका को समझना जरूरी है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में महिलाओं के पास उनके अधिकार होंगे और वे निर्णय प्रक्रिया में पूरी तरह भागीदार बनेंगी। उन्होंने इसे देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी बताया।
इस कार्यक्रम में महिला-बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं ।


