रांची : विश्व टीबी दिवस के अवसर पर मंगलवार को नामकुम (रांची) स्थित आरसीएच में स्वास्थ्य विभाग, झारखंड द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, लोहरदगा को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ‘निक्षय मित्र’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रदान किया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र और शील्ड डिप्टी डायरेक्टर जनरल (यक्ष्मा) के हस्ताक्षर से प्रदान की गई। हिंडाल्को को यह सम्मान टीबी मरीजों को निरंतर पोषण सहयोग उपलब्ध कराने के लिए दिया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव अजय कुमार सिंह, हिंडाल्को की लीड सीएसआर क्लस्टर हेड स्वेता उपाध्याय, सीएसआर प्रमुख खान प्रभाग नीरज कुमार, एरिया हेड शोभा रानी मोहंती, सीएसआर अधिकारी भास्कर सिन्हा एवं अभय भारती सहित स्वास्थ्य विभाग, टीबी विभाग के अधिकारी, सीएचओ, नव-नियुक्त चिकित्सक, सहिया दीदी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

2022-23 से चल रहा पोषण सहयोग अभियान
उल्लेखनीय है कि हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत वर्ष 2022-23 से लोहरदगा और गुमला जिलों में टीबी मरीजों को पोषणयुक्त आहार किट उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार देखने को मिल रहा है और वे अपेक्षाकृत जल्दी स्वस्थ हो रहे हैं।
लगातार चौथे वर्ष मिला सम्मान
हिंडाल्को को इस सराहनीय पहल के लिए लगातार चौथे वर्ष ‘निक्षय मित्र’ सम्मान मिला है। वर्तमान में कंपनी द्वारा कुल 576 टीबी मरीजों को पोषण किट के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
यह पहल टीबी उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है और राज्य में जन-स्वास्थ्य सुधार के प्रयासों को मजबूती प्रदान कर रही है।







