लातेहार : जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लातेहार पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक दस चक्का ट्रक को भी जब्त किया गया है, जिसमें गांजा की खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी।

रांची से मेदिनीनगर जा रहा था ट्रक
पुलिस के अनुसार, जब्त किया गया ट्रक रांची से मेदिनीनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लादकर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी शुरू की।
कुट्टी के नीचे छिपाकर रखी थी खेप
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि ट्रक में गांजा को बेहद शातिर तरीके से छिपाया गया था। पहले ट्रक में गांजा के कई पैकेट लोड किए गए थे, जिसके ऊपर से कुट्टी (पशु चारा) लाद दी गई थी, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि पुलिस की सतर्कता के कारण तस्करों की चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और पूरी खेप का पर्दाफाश हो गया।
अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े होने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि यह खेप किसी अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और ट्रक चालक समेत अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर ऐसे अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
योगेंद्र साव के घर चला बुलडोजर, NTPC के खनन क्षेत्र में तोड़ा गया पूर्व मंत्री का आवास









