पूर्व मंत्री सह विधायक कमलेश कुमार सिंह को मिली सीआरपीएफ की सुरक्षा

पलामू : एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री सह पलामू के हुसैनाबाद से विधायक कमलेश कुमार सिंह को सीआरपीएफ की सुरक्षा मिली है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर कमलेश सिंह के सुरक्षा में सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है। कमलेश कुमार सिंह को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक्स कैटेगरी की सुरक्षा दिया है। दरअसल केंद्रीय गृह मंत्रालय और सीआरपीएफ की एक टीम शनिवार को पलामू पहुंची थी। कमलेश कुमार सिंह के सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की टीम ने पलामू पुलिस के अधिकारियों के साथ भी बैठक कर जानकारी हासिल किया था। कमलेश कुमार सिंह पलामू के हुसैनाबाद से विधायक हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। कुछ दिनों पहले कमलेश कुमार सिंह ने झारखंड की यूपीए सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने कमलेश कुमार सिंह की सुरक्षा व्यवस्था को वापस ले लिया था। पूरे मामले में कमलेश कुमार सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखा था जिसके बाद उन्हें एक्स श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाई गई है।

सुरक्षा देना राज्य सरकार की जिम्मेवारी थी, नक्सलियों के हिट लिस्ट में है परिवार: कमलेश
पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि उनका परिवार नक्सलियों की हिट लिस्ट में रहा है, सुरक्षा देना राज्य सरकार की जिम्मेवारी थी। लेकिन केंद्र की सरकार ने उन्हें सुरक्षा दिया है। उन्होंने कहा कि राजनीति होनी चाहिए लेकिन किसी की जान की कीमत पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। 2006 में नक्सलियों ने उनके घर को उड़ा दिया था जबकि भाई की कई संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा दिया था। धमकी भरी कई बार उन्हें पत्र भी दिए गए थे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष होने के कारण उन्हें झारखंड के कई इलाकों में जाना होता है। नक्सलियों से उनके परिवार को धमकी भी मिलती रही है। कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि वह धन्यवाद देते हैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत पवार को जिन्होंने सुरक्षा उपलब्ध करा दिया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा समिति से उन्हें जेड श्रेणी का सुरक्षा देने का अनुमोदन किया गया था। लेकिन उन्हें राज्य सरकार ने नहीं दिया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अब उन्हें एक्स श्रेणी का सुरक्षा दिया है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now