लातेहार : लातेहार-लोहरदगा सीमा पर स्थित लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के डेढ़टांगवा घाटी में शुक्रवार रात भीषण सड़क दुर्घटना में अधेड़ की मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी व मासूम बच्चा घायल हो गये। जानकारी के अनुसार लोहरदगा शहरी क्षेत्र के रिहायशी मुहल्ला संजय गांधी पथ निवासी एलआईसी एजेंट प्रकाश साहू नगर मंदिर में आयोजित विवाह समारोह से अपने घर लौट रहे थे। इसी क्रम में डेढ़टांगवा घाटी में विपरीत दिशा से आ रहे एंगल लदे ट्रक का अचानक टायर फट गया। जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर प्रकाश साहू के आई-10 कार पर पलट गयी।
हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह से ट्रक के नीचे दब गई और प्रकाश साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा पहुंचाया गया, जहां पर जांच के बाद चिकित्सकों ने प्रकाश साहू को मृत घोषित कर दिया।
जबकि उनकी पत्नी व बच्चे का इलाज चल रहा है। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। इस सड़क हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया हुआ है। इधर दुर्घटना की सूचना पर क्षेत्र के लोग चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मामले की जानकारी ली।




