गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसायटी में रविवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मायके से लौटकर आई एक महिला ने अपने ही फ्लैट में पति को एक युवती के साथ देख लिया। अचानक सामने आए इस दृश्य से महिला सन्न रह गई। जब उसने पति से इसका विरोध किया और जवाब मांगा, तो विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई।
महिला ने पति और उसकी मित्र पर मारपीट का आरोप लगा पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर उसके पति और महिला मित्र का शांति भंग में चालान किया है। महिला का पति निजी कंपनी में नौकरी करता है। कुछ दिनों पहले महिला अपने बेटे के साथ मायके चली गई थी। रविवार सुबह करीब सात बजे जब वह वापस अपने फ्लैट लौटी, तो उसने पति को एक युवती के साथ देखा।
झारखंड में लोगों को ठंड से मिली राहत, 2 दिन बाद 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान
इस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसा में बदल गई। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर पति और उसके साथ मौजूद युवती ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मजबूर होकर पीड़िता ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित पति और उसकी महिला मित्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का शांति भंग की धाराओं में चालान कर कार्रवाई की है।








