रांची: बीजेपी ने हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा के बाद धनबाद से विधायक राज सिन्हा को भी नोटिस जारी किया है। बीजेपी प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर राज सिन्हा को पत्र लिखकर जवाब मांगा है।
बीजेपी प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने राज सिन्हा के साथ पांच मंडल अध्यक्षों को भी पत्र लिखकर कहा है कि जबसे धनबाद लोकसभा क्षेत्र से ढुलू महतो को उम्मीदवार बनाया गया है, सांगठनिक कार्य एवं चुनाव कार्य में आपकी रूचि नहीं दिखाई दे रही है। इसके साथ ही क्षेत्र के चौक-चौराहे में आपके द्वारा हमेशा भाजपा एवं घोषित प्रत्याशी के विरूद्ध नकारात्मक बातें बोली जा रही है। इससे जनता के बीच गलत संदेश जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर आप दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण दें कि आपको क्यों नहीं पार्टी की सदस्यता से निलंबित किया जाए।

Jayant Sinha पर चला BJP का डंडा, हजारीबाग में वोटिंग के बाद बीजेपी सांसद पर बड़ा एक्शन
इसके साथ ही आदित्य साहू ने जयंत सिन्हा को भी हजारीबाग में वोटिंग खत्म होने के बाद पत्र लिखकर नोटिस जारी करते हुए लिखा है कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से मनीष जायसवाल को जब से उम्मीदवार बनाया गया तक से आप न तो चुनाव प्रचार और न ही संगठनात्मक कार्य में रूचि ले रहे है। लोकतंत्र के पर्व में आपने मताधिकार का प्रयोग करना भी उचित नहीं समझा। आपके द्वारा बरती गई इस रवैये से पार्टी की छवि धूमिल हुई है।प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर उन्हे नोटिस जारी किया गया है, अगले दो दिनों में उनसे इस बारे में जवाब मांगा गया है।







