धनबादः बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया तीन के सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टांडाबाड़ी में जोरदार आवाज के साथ भू-धंसान में 20 घर जमींदोज हो गये। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्रद में अफरा-तफरी मच गयी। घटना गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान मीडिया कर्मियों को भी निशाना बनाया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान धनबाद में भू-धंसान की यह तीसरी घटना है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन धंसने के कारण सड़क, घर और आसपास की जमीन अचानक नीचे चली गई।

घटना में चार लोग घायल
बाघमारा पुलिस अनुमंडल के सोनारडीह थाना क्षेत्र के टंडाबाड़ी बस्ती में गुरुवार रात बाघमारा की पूर्व प्रखंड प्रमुख मीनाक्षी रानी गुड़िया के साथ-साथ 20 घर जमींदोज हो गया। घटना में चार लोगों के घायल होने की सूचना मिल रही है। घायलों में सूरज राम व उनकी मां, बहन और भांजा के दानों पैर टूट गये। सूरज राम की बहन जया कुमार ने बहादुरी दिखाते हुए घर में फंसे दो-तीन लोगों को बाहर निकाला। घायलों का इलाज असर्फी अस्पताल में चल रहा है। इससे पहले यहां बुधवार को भी जमीन धंसने की घटना हुई थी।
खिड़की तोड़ महिलाओं को घर से निकाला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भू-धंसान होने से हरिया हाड़ी के घर में दो औरत फंस गयी। लोगों ने खिड़की तोड़ कर दोनों को बाहर निकाला। इनके बगल वाले घर का दरवाजा भी भू-धंसान में फंस गया। दरवाजा तोड़ कर किसी तरह लोगों को बाहर निकाला गया। भू-धंसान होने से चारों तरफ धुआं-धुआं फैल गया। भू-धंसान के दौरान एक घर के अंदर रखी मोटरसाइकिल व मारुति सहित लाखों रुपये के घरेलू सामान जमींदोज हो गये। घटनस्थल के समीप राजाकोठी बस्ती के करीब एक सौ घर खतरे के निशान पर हैं। यहां कभी भी भू-धंसान की घटना हो सकती है। यहां के लोगों में भय व दहशत का माहौल बना हुआ है।



