रांचीः बड़कागांव से विधायक रहे पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को कांग्रेस पार्टी से एक बार फिर तीन साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ मीडिया में आपत्तिजनक बयान को लेकर की गई है। योगेंद्र साव की बेटी अंबा प्रसाद वर्तमान में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय सचिव है। ये कार्रवाई उस समय की गई है जब झारखंड कांग्रेस के सभी बड़े नेता दिल्ली के दौरे पर है।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि योगेंद्र साव की ओर से गठबंधन सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ मीडिया में लगातार आपत्तिजनक, अपमानजनक और व्यक्तिगत टिप्पणियां की जा रही थीं। इस मामले में उन्हें 20 सितंबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।उनके जवाब, 26 सितंबर को हुई व्यक्तिगत सुनवाई और प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की रिपोर्ट की समीक्षा के बाद निष्कासन का फैसला लिया गया।

राकेश सिन्हा के अनुसार, योगेंद्र साव को इससे पहले भी अनुशासनहीनता के कारण 20 मार्च 2026 को पार्टी से निष्कासित किया गया था। बाद में अनुशासन का पालन करने का भरोसा देने और खेद जताने पर 25 जून 2026 को उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल किया गया था। इसके बावजूद फिर से आपत्तिजनक बयान देने और पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।




