नालंदा : पंजाब पुलिस ने बिहार के नालंदा जिले से साइबर ठगी के एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बॉडीगार्ड की पत्नी से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी में शामिल होने का आरोप है।
एक सप्ताह तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखकर ठगे 12 लाख : मामला वर्ष 2024 का है। पटियाला साइबर पुलिस को मंजीत कौर ने शिकायत दी थी कि साइबर अपराधियों ने उन्हें एक सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की।
जामताड़ा से मिले सुराग तो नालंदा तक पहुंची जांच : जांच के दौरान गिरोह के एक सदस्य को पहले कोलकाता और झारखंड के जामताड़ा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और बरामद दस्तावेजों से पता चला कि ठगी की रकम बिहार के नालंदा जिले के दो युवकों के बैंक खातों में भी भेजी गई थी।
5 करोड़ तक की है साइबर ठगी : इसके बाद पंजाब पुलिस ने नालंदा पुलिस के सहयोग से बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र के भैंसासुर निवासी मुकेश कुमार और अस्पताल चौक निवासी विशाल भारती को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह देशभर में करीब 5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे चुका है। हालांकि, इस रकम की जांच अभी जारी है।
बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले कमीशन : पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी दिल्ली स्थित एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क के संपर्क में थे। गिरोह इनके बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम मंगाने के लिए करता था. इसके बदले दोनों को कुल राशि का करीब 2 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
आरोपियों को पंजाब ले गई पुलिस : गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों का बिहारशरीफ सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पंजाब पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ पंजाब ले गई।
देशभर में फैला है नेटवर्क : पंजाब पुलिस के अनुसार, यह साइबर गिरोह देश के कई राज्यों में सक्रिय है। प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा करीब 5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और ठगी की वास्तविक राशि व नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में पंजाब पुलिस के सब-इंस्पेक्टर हरतेंद्र सिंह और सिपाही नवनीत सिंह शामिल रहे।
अंतरराज्यीय साइबर ठगी का भांडाफोड़ : पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई से एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियां अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

