पटनाः पुलिस मुख्यालय के सामने एक ऐसी वारदात हुई जिसे जानकर हर कोई हैरान हो गया है। खुद को पुलिसकर्मी बताकर पहले वृद्ध दंपती के वाहन की जांच की। फिर छह लाख रुपये के गहने लेकर बदमाश भाग निकले। घटना मंगलवार की शाम साढ़े चार बजे पटना में पटेल भवन स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय के सामने हुई। इस बाबत पीड़ित बुद्ध मार्ग के रहने वाले विमल कुमार वर्मा ने सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वे अपने एक रिश्तेदार से मिलने के लिये जगदेवपथ की ओर कार से जा रहे थे। उन्हें नेहरू पथ फ्लाईओवर से होते हुए गुजरना था। जैसे ही दंपती कार से बिहार पुलिस मुख्यालय के सामने पहुंचे, बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रुकवा दिया। उन्होंने खुद को पुलिस बताकर विमल की पत्नी से कहा कि -हमलोगों ने गाड़ी रुकवाई, लेकिन गाड़ी नहीं रुकी। इतने सारे जेवर आपने क्यों पहन रखे हैं? इसे जल्द उतारकर बैग में रखिये। अभी समय ठीक नहीं चल रहा।
पलामू में नाबालिग छात्रा से बलात्कार, कई महीनों से कोचिंग सेंटर संचालक कर रहा था वारदात
यह सुनकर वृद्धा ने जेवर को अपने बैग में रख दिया। मौका देख बदमाशों ने उनके हाथ से बैग छीन लिया और बाइक पर सवार होकर भागने लगे। इस पर वृद्धा के पति विमल वर्मा ने दिलेरी दिखाते हुये बदमाशों का पीछा किया और उनकी बाइक गिरा दी। इसके बाद दोनों जेवर लेकर पैदल भाग निकले। इधर, पुलिस ने जब बाइक की जांच की तो उसके भीतर चार-चार नंबर प्लेट रखे मिले।
वृद्ध दंपती घटना के बाद शोर-शराबा करते रहे। वे चोर-चोर कहकर चिल्लाते रहे, लेकिन किसी ने भी बदमाशों को पकड़ने की कोशिश नहीं की। पुलिस को भी विमल ने ही फोन कर बुलाया।
नगर विकास विभाग ने बताया, कहां बनेगा दिशोम गुरु शिबू सोरेन का स्मृति स्थल


