डेस्कः बिहार के सीवान में रोड़ रेज के मामले ने हिंसक रूप ले लिया और पूर्व बाहुबली सांसद शहाबुद्दीन के बेटे आरजेडी विधायक ओसामा शहाब का नाम इस विवाद के सेंटर में आ गया। दरअसल, रविवार देर शाम एमएच नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव के पास ऑटो और स्कार्पियो के बीच साइड लेने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इस मामूली विवाद ने धीरे-धीरे हिंसक रूप ले लिया। इस घटना ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। एक ओर ऑटो चालक ने फायरिंग का आरोप लगाया है। वहीं कुख्यात चंदन सिंह ने राजद विधायक ओसामा शहाब और उनके करीबी पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस पूरे मामले में अब तक तीन अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा चुकी हैं और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
नालंदा में NIA और ATS की छापेमारी, 10 ठिकानों पर सुबह 4 बजे से रेड
चंदन सिंह की स्कॉर्पियों पर हमला
डिब्बी निवासी कुख्यात चंदन सिंह तीन स्कॉर्पियो वाहनों के काफिले के साथ किसी कार्यक्रम से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिमरी गांव के पास बैट्री ऑटो चालक ऐनुल हक से साइड लेने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ऑटो चालक के समर्थन में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। चंदन सिंह के मौके पर मौजूद होने की खबर फैलते ही स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। उग्र ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो वाहनों पर हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एमएच नगर थाने की दारोगा मधुरिमा मनीषा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया, जिसमें होमगार्ड जवान कमलेश प्रसाद घायल हो गए। स्थिति बिगड़ते देख आसपास के कई थानों की पुलिस को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया और स्कॉर्पियो सवार लोगों को सुरक्षित थाने ले जाया गया।
ऑटो चालक ऐनुल हक ने थाने में दिए आवेदन में चंदन सिंह और उनके साथियों पर मारपीट और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वह हसनपुरा से जलालपुर जा रहा था, तभी स्कॉर्पियो सवार लोगों ने रास्ता रोककर हमला कर दिया। इस मामले में चंदन सिंह समेत सूरज कुमार, मनीष कुमार, रवि कुमार सिंह, विकास कुमार और तरुण कुमार सिंह को आरोपित किया गया है।


