पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होने वाली रैली को स्थगित कर दिया गया है। जेडीयू के नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि 24 दिसंबर को होने वाली रैली के लिए जगह नहीं मिल सकी है इसलिए रैली को स्थगित कर दिया गया है। रैली के अगली तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
नीतीश कुमार की झाखंड के रामगढ़ और यूपी के वाराणसी में रैली प्रस्तावित है। इसमें वाराणसी की रैली को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। नीतीश कुमार की रैली को लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। जेडीयू 3 राज्यों के चुनाव में हार के बाद अचानक ही बिहार के बाहर नीतीश कुमार के कार्यक्रम को लेकर एक्टिव हो गई है। जेडीयू नेताओं का दावा है कि जातिगत जनगणना और आरक्षण का दायरा बढ़ाये जाने के बाद नीतीश कुमार की लोकप्रियता और डिमांड ज्यादा हो गई है इसलिए बिहार के बाहर गुजरात और महाराष्ट्र में भी आने वाले दिनों में नीतीश कुमार का कार्यक्रम होगा, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे राष्ट्रीय पटल पर नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षा से जोड़कर देख रहे है।
वही वाराणसी में नीतीश कुमार के कार्यक्रम को लेकर बीजेपी हमलावर हो गई है। चाहे प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी हो या सुशील मोदी सभी बड़े नेताओं ने नीतीश के वाराणसी में होने वाले कार्यक्रम पर तीखी टिप्पणी की। गोरखपुर से बीजेपी सांसद और अभिनेता रविकिशन ने कहा था कि महादेव की नगरी है आएं, हमने सुना था कि जहां कण-कण में शिव है वहां नीतीश कुमार आ रहे है। नीतीश कुमार को मै क्षमा के साथ कहना चाहता हूं कि वो बहुत बड़े लीडर है वो आएं और फरिया लअ, देखल जाई। यही कहेंगे कि जिंदगी खंड-खंड बा नीतीश बाबू।


