पटनाः रविवार की सुबह पटना से गोमतीनगर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (ट्रेन संख्या 22345) पर बिहटा स्टेशन से निकलते समय पथराव हुआ है। सुबह करीब 6:22 बजे हुई इस घटना में पत्थर लगने से ट्रेन के सी6 कोच का एक शीशा टूट गया। हालांकि, घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
बिहटा स्टेशन से आगे निकलते समय घटना
जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस बिहटा स्टेशन से आगे निकल रही थी। इसी दौरान बाहर से किसी व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंका। पत्थर C-6 कोच की खिड़की के शीशे से जा टकराया, जिससे शीशा टूट गया। अचानक हुई घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।घटना की सूचना रेलवे के संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को दी गई है। आरपीएफ की ओर से पत्थर फेंकने वाले की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में जांच की जा रही है।
RPF ने शुरू की जांच
घटना की सूचना रेलवे के संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को दी गई। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने पत्थर फेंकने वाले की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है। पटना-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस संख्या 22345 पटना जंक्शन से सुबह रवाना होकर आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी और अयोध्या होते हुए गोमतीनगर पहुंचती है। ट्रेन का निर्धारित मार्ग करीब 544 किलोमीटर का है। रेलवे की ओर से इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाता है, क्योंकि चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी से यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।फिलहाल आरपीएफ की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पत्थर किसने और किस उद्देश्य से फेंका था।






