डेस्कः बिहार के नालंदा जिले में दो भाईयों पर नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। हिलसा थाना क्षेत्र में दो भाईयों ने नाबालिग को घर में बुलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि गुरुवार की देर शाम में नाबालिग छात्रा को पड़ोसी द्वारा भात बनाने के दौरान माड़ पसाने का बहाना बनाकर घर बुलाया गया। छात्रा जब घर गई तो दो भाइयों ने मिलकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।
खाना बनाने के बहाने बुलाया: छात्रा के पिता बाहर में रहकर निजी कंपनी में काम करते हैं। घर पर छात्रा अपनी मां, चाचा व अन्य परिवार के साथ रहती है। जब छात्रा देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों द्वारा खोजबीन शुरू किया गया। तब पता चला कि खाना बनाने के लिए पड़ोसी के घर गई है। परिवार के लोग पड़ोसी के घर का दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाते रहे,फिर भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद अनहोनी की आशंका हुई तो घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची तो दोनों आरोपी फरार हो गये।
पीड़िता का बयान: पीड़िता ने रोते हुए अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। छात्रा की बात सुन परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। छात्रा ने बताया कि घर में काम कर रही थी। तभी पड़ोसी ने माड़ पसाने के लिए बुलाया। उनके कहने पर गए और माड़ (चावल का पानी) पसा दिया।
पुलिस ने क्या कहा?: वहीं, इस संबंध में हिलसा थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित नाबालिग छात्रा के फर्द बयान पर दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


