लोहरदगा: झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति, लोहरदगा की ओर से मंगलवार को जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय से जुलूस की शक्ल में निकल कर स्टेच्यू स्थल पर झारखंड आंदोलन के महानायक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके संघर्षमय जीवन और झारखंड राज्य निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गुरुजी के बताए मार्ग पर चलने तथा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन केवल एक नेता नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, स्वाभिमान और संघर्ष की जीवंत पहचान थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों तथा शोषित, वंचित, गरीब, किसान और मजदूरों की आवाज बनने में समर्पित कर दिया।आज झारखंड जिस पहचान और सम्मान के साथ देश के मानचित्र पर खड़ा है, उसमें गुरुजी के अथक संघर्ष और त्याग की अमिट छाप है। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने हमें सत्ता नहीं, बल्कि समाज की सेवा और अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संदेश दिया। उनका सपना ऐसा झारखंड था, जहां हर गरीब को सम्मान, हर युवा को रोजगार, हर किसान को न्याय और हर वंचित को उसका अधिकार मिले। गुरुजी के अधूरे सपनों को साकार करना, उनके सिद्धांतों पर चलते हुए जनहित के मुद्दों के लिए संघर्ष करना और अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष राधा तिर्की ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पूरा जीवन संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा। उन्होंने आदिवासी-मूलवासी, किसान, मजदूर और गरीब तबके के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज बुलंद की। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को नई दिशा और प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुजी के बताए रास्ते पर चलकर ही सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी विकास के लक्ष्य को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला सचिव अनिल उरांव, केंद्रीय सदस्य नीरू शांति भगत, अख्तर अंसारी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय उरांव, अफरोज आलम, फातमा परवीन, नगर अध्यक्ष आकाश साहू, प्रखंड अध्यक्ष राजकिशोर राम, परवेज अंसारी, विनेश कुमार, शंकर उरांव, कृष्णा उरांव, शातिम टोप्पो बबलू खान बालमुकुंद लोहरा सजाद अंसारी, जयप्रकाश शर्मा, बालमुकुंद लोहरा, हसनैन खलीफा शाहिद अहमद, खुर्शीद अंसारी, रौशन कुमार लालू लोहरा पंकज कुमार सुनील मुकेश कुमार आदित्य कुमार सुषमा उराइन कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।







