DESK: मुंबई के जुहू इलाके में रविवार को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी हमले में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक को अंधेरी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने स्टेशन के बाहर से बाइक जब्त की है। इस मामले में मुंबई की जुहू पुलिस स्टेशन ने तीन अज्ञात शख्श के खिलाफ मामला दर्ज किया है।पुलिस ने BNS की धारा 109 (1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।


सूत्रों की मानें तो फायरिंग के बाद हमलावरों ने अपनी पल्सर बाइक को विलेपार्ले रेलवे स्टेशन के पास छोड़ा और लोकल ट्रेन से भाग निकले। जानकारी के अनुसार मुंबई पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है जो सेकंड हैंड बताई जा रही है। मुंबई पुलिस की 15 टीमें जांच में जुटी हैं और क्राइम ब्रांच भी मामले की जांच कर रही है। मुंबई पुलिस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में उनके ड्राइवर फिरदौस का बयान दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक तीन अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोलीबारी की थी। इस घटना में ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए हैं। ड्राइवर फिरदौस का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जैकी श्रॉफ का आया रिएक्शन
टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है।वहीं फैंस भी एक्टर की हेल्थ को लेकर चिंतित हैं। टाइगर के पिता जैकी श्रॉफ की टीम की ओर से इस मामले को लेकर अपडेट भी आया है। उन्होंने कहा है कि टाइगर अब ठीक हैं।
टाइगर से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे
वहीं टाइगर की हेल्थ का जायजा लेने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंंत्री एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे और टाइगर की खैरियत पूछी। उन्होंने ये आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा। एकनाथ शिंदे ने इस हमले की निंदा की है और कहा है कि जानलेवा हमला होना एक बहुत ही गंभीर मसला है। शिंदे के मुताबिक मुंबई पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस आयुक्त ने क्राइम ब्रांच समेत 15 विशेष टीमें गठित की हैं जो आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। डिप्टी सीएम ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#WATCH मुंबई | टाइगर श्रॉफ के घर के अंदर का वीडियो, उनकी कार पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उनसे मिलने पहुंचे। इस घटना में उनका ड्राइवर घायल हो गया था।
मुंबई पुलिस के अनुसार, अभिनेता सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है। https://t.co/z7o7151S8H
— Live Dainik (@Live_Dainik) October 19, 2026
क्या है पूरा मामला?
18 अक्टूबर 2026 को रविवार शाम टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर अपनी कार से वापस लौट रहे थे। कार के अंदर से वे फैंस का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। इस दौरान ही उनपर अचानक अज्ञात हमलावरों ने बैक टू बैक फायरिंग कर दी और मौके पर बाइक से फरार हो गए।हमले में टाइगर का ड्राइवर फिरदौस जख्मी हो गया जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।वहीं टाइगर को सीधे गोली तो नहीं लगी लेकिन कांच का टुकड़ा लगने से उनके दाए हाथ में मामुली चोट आई है।
लॉरेंस बिश्नोई ने ली जिम्मेदारी
बॉलीवुड स्टार्स पर गोलीबारी का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई सारे सितारे ऐसे रहे हैं जिन्हें अचानक निशाना बनाया गया है। पहले सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोलीबारी का मामला सामने आया था। इस दौरान भी बिश्नोई गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।वहीं बॉलीवुड डायरेक्टर के घर भी फायरिंग का गंभीर मामला सामने आया था।अब अचानक टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाया गया और उनपर जानलेवा हमला किया गया। इसकी जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित और हरमन सिंधू ने ली है और धमकी दी है कि सलमान खान के साथ काम करने वालों का ऐसा ही हाल होगा। फिलहाल इस बयान का अभी पुष्टिकरण होना बाकी है।







