हिंडाल्को से लेकर नाशपाति तक का लिया गया हिसाब…इस तरह सांसद सुखदेव भगत ने अधिकारियों की लगाई क्लास

लोहरदगा : जिले की अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में इस बार अधिकारियों को नाशपाति से लेकर पुल-पुलिया  तक हिसाब देना पड़ा।  सांसद सुखदेव भगत ने दिशा की बैठक में  विभाग वार कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पहुंचना चाहिए। सांसद ने मनरेगा से पेशरार में नाशपाती लगाने की योजना की जांच कराने को कहा। वहीं, कुडू-घाघरा पथ के लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

सुखदेव भगत ने कुडू में वर्षों पूर्व बने सामुदायिक भवन की जांच कराने का भी निर्णय बैठक में लिया गया। शिक्षा विभाग को सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को देवदरिया में स्वास्थ्य भवन निर्माण, सदर अस्पताल में दंत चिकित्सक की नियुक्ति, रात में दवा दुकान खुली रखने और पलमी स्वास्थ्य केंद्र से स्कूल संचालन की समस्या दूर करने के आदेश दिए। सांसद ने कहा कि बाल श्रम रोकने के लिए विशेष अभियान चलाना होगा। उन्होंने सेन्हा छोटी मस्जिद के पास स्ट्रीट लाइट लगाने, विद्युत विभाग की आरडीएसएस योजना में रैयतों के भुगतान की समस्याओं को दूर करने और लघु सिंचाई विभाग द्वारा बने चेकडैम की मरम्मति कराने का भी निर्देश दिया। राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल को सांसद ने निर्देश दिया कि लोहरदगा शहरी क्षेत्र स्थित अजय उद्यान से एचडीएफसी बैंक तक मुख्य पथ में टूटे डिवाइडर की वजह से खराब हुए सड़क की मरम्मति दशहरा-2025 से पहले कराई जाए। बैठक में कृषि विभाग से बीज वितरण और उर्वरक उपलब्धता पर चर्चा की गई। भूमि संरक्षण उपकरणों में आ रही शिकायतों की समीक्षा करते हुए विभाग को सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। सांसद ने अंत में कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। बैठक में लिए गए निर्णयों पर गंभीरता से अमल कराने के निर्देश सभी विभागों को दिए।

WhatsApp Image 2025 08 28 at 18.01.37

खनन क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान

सांसद सुखदेव भगत ने हिंडाल्को इंडस्ट्रीज को विशेष रूप से निर्देशित किया कि पाखर खनन क्षेत्र और आसपास के प्रभावित इलाकों में पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को बेहतर किया जाए। साथ ही खनन क्षेत्र के मुख्य पथ में बने गड्ढों को भरने और पीसीसी पथ निर्माण पर तेजी लाने का निर्देश दिया। सांसद ने कहा कि स्थानीय लोगों की मूलभूत जरूरतों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैंक अधिकारियों को सख्त हिदायत

खेल पदाधिकारी को सांसद ने निर्देश दिया कि जिले के पर्यटन स्थलों को इको-फ्रेंडली बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएं, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। बैठक में सांसद ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को कहा कि एमएसएमई क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति के युवाओं को आसान प्रक्रिया के तहत ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे स्वरोजगार की ओर बढ़ सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बैंक अधिकारी ग्राहकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और इसके लिए कार्यशाला आयोजित की जाए।

हाथियों के आतंक से निपटने की सलाह

बैठक में विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल ने चरहू-मेरले पथ का मुद्दा उठाया, जिसका शिलान्यास पूर्व में लोहरदगा विधायक डा. रामेश्वर उरांव द्वारा किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इस पर सांसद ने ग्रामीण कार्य विभाग को तुरंत काम शुरू करने का निर्देश दिया। विधायक प्रतिनिधि ने किस्को-खरकी-कोचागांव पथ में गार्डवाल बनाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही चंदलासो के कोकर में हाथियों के कारण ग्रामीणों को हो रहे परेशानी का मुद्दा उठाया। वहीं, जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी ने सलगी लालू टोला में एएनएम की उपलब्धता सुनिश्चित करने, भौंरा पथ की मरम्मति, लावागाईं में दक्षिणी कोयल नदी पर चेकडैम निर्माण, जीमा स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से दुर्व्यवहार की शिकायत, बारिश में घर गिरने जैसी समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now