रामगढ़ के शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई एक करोड़ की लूट में खुलासा, भारत सरकार के बोर्ड लगी कार में छिपाया था ज्वेलरी, 3 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

Picture of Live Dainik

Live Dainik

April 24, 2026

रामगढ़ के शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई एक करोड़ की लूट में खुलासा, भारत सरकार के बोर्ड लगी कार में छिपाया था ज्वेलरी, 3 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

रामगढ़ः रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर में शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई 1.05 करोड़ की लूट मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रामगढ़ पुलिस ने नालंदा पुलिस के सहयोग से हरनौत रेलवे कॉलोनी स्थित एक क्वार्टर में छापेमारी कर लूटे गए गहने और कैश बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो महिला समेत तीन को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस वारदात का मास्टरमाइंड अब भी फरार है।
भारत सरकार के बोर्ड लगी कार में लूटे हुए गहने बरामद
इस सनसनीखेज मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि लूट के जेवर एक ऐसी कार में छिपाकर रखे गए थे, जिस पर “भारत सरकार” का बोर्ड लगा था। कार में रखे ट्रॉली बैग को खोलते ही पुलिस अधिकारियों के सामने सोने-चांदी के जेवरों का अंबार निकल पड़ा, जिसे देखकर टीम भी हैरान रह गई। गिरफ्तार आरोपियों में इस कांड के मास्टरमाइंड विभाष पासवान उर्फ मृगेन्द्र पासवान के बहनोई मनीष पासवान, उसकी पत्नी रीना देवी और चंद्रावती देवी शामिल हैं। तीनों नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के निवासी हैं। मनीष पासवान रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी बताया जा रहा है। हालांकि इस घटना के मास्टरमाइंड विभाष पासवान अब भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल को चितरपुर-रजरप्पा मोड़ स्थित शिवशंकर ज्वेलर्स दुकान में पांच से छह अपराधी ग्राहक बनकर पहुंचे थे। कुछ ही देर में अपराधियों ने पिस्टल निकालकर दुकानदार को अपने कब्जे में ले लिया और करीब 1.05 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के दौरान तीन से चार अपराधी लूट का सामान लेकर फरार हो गए, लेकिन दुकानदार विष्णु प्रसाद और विवेक ने स्थानीय लोगों के सहयोग से साहस का परिचय देते हुए मौके पर ही दो अपराधी सुभानी अंसारी पिता अब्दुल जब्बार अंसारी और आनंद कुमार पिता स्व अनिल कुमार को दबोच लिया। पकड़े गए अपराधियों के पास से एक पिस्टल, चार मोबाइल और एक बाइक बरामद की गई थी। इन्हीं दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को पूरे गिरोह की जानकारी मिली और मामले का उद्भेदन संभव हो सका।
रिश्तेदारों के घर में छिपाया गया था लूट का माल
जांच में सामने आया है कि फरार मास्टरमाइंड विभाष पासवान ने लूट के जेवर को ठिकाने लगाने के लिए अपने करीबी रिश्तेदारों के घर को सुरक्षित ठिकाना बनाया था। पुलिस ने मनीष की निशानदेही पर क्वार्टर के बाहर खड़ी कार की तलाशी ली, जिसमें ट्रॉली बैग में रखे जेवर बरामद हुए। बरामद सामान में सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, कई हार, चूड़ियां, बाला, लॉकेट, नथिया, कानबाली, कर्णफूल समेत बड़ी मात्रा में चांदी के बर्तन, चम्मच, ब्रासलेट, चरण पादुका और शिवलिंग शामिल हैं। इसके अलावा, एक कार और मोबाइल भी जब्त किया गया है। पुलिस का मानना है कि अपराधियों ने घटना से पहले कई बार दुकान की रेकी की थी। गर्मी के कारण दोपहर में कम भीड़ का फायदा उठाकर पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया।

See also  प्रेमी के सामने प्रेमिका के साथ दुष्कर्म की कोशिश, चकमा देकर भागे दोनों, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now