गुमलाः दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत प्रकरण को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग गंभीर है। बुधवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर गुमला पहुंचीं और निशा भगत के स्वजन से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने निशा के पिता हंदु भगत से घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से बातचीत की और परिवार की शिकायतों एवं भावनाओं को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। यह दिल दहला देने वाली घटना है और आयोग इस पूरे मामले को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है। आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकरण को लेकर उन्हें कई शिकायतें मिली हैं। लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है और इस संबंध में डीजीपी से भी बात की जाएगी। उनसे पूछा जाएगा कि अब तक क्या कार्रवाई हुई है और घटनाक्रम के बाद क्या कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर यह भी समीक्षा की जाएगी कि महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। झारखंड के विभिन्न हिस्सों से महिलाओं के साथ हो रही घटनाएं चिंता का विषय हैं। केवल किसी मामले को सीबीआई को सौंप देना ही सरकार की जिम्मेदारी पूरी होना नहीं है। राज्य सरकार को भी संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। पूरे राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।

विजया किशोर रहाटकर ने कहा कि निशा भगत प्रकरण में सीबीआई जांच की बात सामने आई है, लेकिन इसके साथ ही राज्य सरकार को भी पूरे मामले की जवाबदेही समझनी होगी। आयोग इस प्रकरण के सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा।







