यूपी के बनारस से अपनी बहन के घर फर्रुखाबाद के कायमगंज जाने के लिए निकली युवती को शादी के लिए एक लाख रुपये में बेच दिया गया। मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में उसे रखा गया और शादी के लिए कोर्ट ले जाने की कोशिश की गई। किसी तरह युवती थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है और उसे मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।
थाना पुलिस को तहरीर देकर आयुषी पुत्री संजय रावत निवासी सत्यम नगर कालोनी लंका भगवानपुर वाराणसी ने जानकारी दी कि नौ जुलाई की शाम चार बजे वह अपने दीदी के घर कायमगंज जाने के लिए निकली थी। उसे ट्रेन में अल्ताफ निवासी मिर्जापुर मिला। उसने बातचीत के दौरान फर्रुखाबाद जाने की बात कही। वे लोग आगरा उतर गए लेकिन आगरा से कोई गाड़ी नहीं मिली तो अल्ताफ के साथ वह कायमगंज जाने के लिए मैनपुरी आ गई।
साहब मैं जिंदा हूं… जिसे वोटर लिस्ट में मृत घोषित किया, वो चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंच गया
मैनपुरी में अल्ताफ रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर उसे लेकर उतर गया और यहां से वह करहल थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर ले आया। जहां हृदेश नाम के लड़के से शादी की बात करने लगा। हृदेश का रिश्तेदार रामनिवास पाल निवासी शहादतपुर भी शादी की बात करने का दबाव बनाने लगा। 11 अगस्त को इन लोगों ने कोर्ट में शादी कराने के लिए करहल तहसील ले आए। पीड़िता का कहना है कि वह शादी नहीं करना चाहती।
पीड़िता का ये भी आरोप है कि रामनिवास पाल कह रहा है कि शादी कराने के लिए अल्ताफ एक लाख रुपये ले गया है। पुलिस ने घटना की तहरीर पर आरोपी अल्ताफ, रामनिवास पाल और हृदेश के खिलाफ धोखाधड़ी कर शादी करने, लड़की को शादी के लिए बेचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है लेकिन वे भाग निकले हैं।
जिंदा लोगों के वोट कट रहे, वो तिरंगा कैसे फहराएंगे; 15 अगस्त पर तेजस्वी यादव का खुला पत्र









