डेस्कः दीपावली पर आमतौर पर कंपनियां अपने कर्मचारियों को मिठाई, कपड़े या कुछ रुपये बोनस के तौर पर देती हैं। लेकिन गुजरात के सूरत में एक कपड़ा कारोबारी ने अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया, जिसे देखकर वे हैरान रह गए। कारोबारी ने अपने 20 कर्मचारियों को दिवाली बोनस के तौर पर एक-एक लाख रुपये से ज्यादा कैश दिया। किसी के हाथ में नोटों की गड्डियां आईं तो किसी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। व्यापारी के इस कदम से उनके कई कर्मचारी काफी भावुक नजर आए। वहीं एक महिला की आंख में आंसू आ गए।
20 कर्मचारियों को 1 लाख रुपये से ज्यादा का बोनस
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, व्यापारी का नाम रामस्वरूप मुंडे हैं और उन्होंने मिठाई या अन्य किसी तरह का गिफ्ट न देते हुए अपने 20 कर्मचारियों को 1-1 लाख रुपये बांटे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों को चांदी जैसी चमक वाली एक थाली में सलीके से सजाया गया था। वहीं थाली में नोटों का इतना सारा ढेर देखकर कर्मचारी हैरान रह गए।
वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर हो रहा वायरल
जैसे ही रामस्वरूप मुंडे ने दिवाली बोनस देना शुरू किया कुछ कर्मचारी काफी भावुक हो गए। इस दौरान व्यापारी ने कर्मचारियों संग बातचीत भी की और अपने मिजाज के बारे में भी बताया। इस खास मौके पर व्यापारी के परिवार के लोग भी मौजूद थे।
गुजरात के सूरत में एक कपड़ा व्यापारी रामस्वरूप मुंडे ने दिवाली पर अपने 20 कर्मचारियों को खास तोहफा दिया। व्यापारी ने प्रत्येक कर्मचारी को एक लाख रुपये से अधिक का नकद बोनस नोटों के बंडल के रूप में दिया। कुछ कर्मचारी भावुक होकर रो पड़े।
#Surat #DiwaliBonus #ViralVideo #Diwali2026 https://t.co/yhPnPZkOfF
— Live Dainik (@Live_Dainik) November 8, 2026
अपने फैसले पर क्या बोले व्यापारी रामस्वरूप मुंडे?
इंडिया टुडे के मुताबिक, रामस्वरूप मुंडे ने बताया कि उन्होंने खुद बचपन में काफी गरीबी देखी थी और यह विचार उसी से आया। उन्होंने बताया कि उन्हें इस बात का अच्छे से एहसास है कि दिवाली पर्व के दौरान परिवार किसी तरह से वित्तीय समस्या का सामना करते हैं।
रामस्वरूप मुंडे बताया कि उनकी दुकान में काम करने वाले कर्मचारी नहीं बल्कि उनके परिवार के ही सदस्य जैसे हैं। कर्मचारियों के पूरे साल की कड़ी मेहनत और समर्पण से ही उनका बिजनेस चलता है। यही वजह है कि वे चाहते थे कि उनके कर्मचारी दीवाली के दौरान खरीदारी करने और सच्ची मुस्कान के साथ परिवार के साथ त्योहार मनाएं। खर्च की चिंता किए बिना उन्होंने हर कर्मचारी को 1 लाख रुपये से ज्यादा बोनस देने का फैसला लिया।







