रांचीः तुपुदाना के बालसिरिंग रोड में गुरुवार रात चोरों ने व्यवसायी मुकेश कुमार वर्मा के घर को निशाना बनाया। करीब 38 लाख रुपए के जेवर और 12.76 लाख रुपए उड़ा लिए। एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई। बालसिरिंग के अमित महतो और लापुंग के उलगड़ा निवासी कृष्णा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 6 लाख रुपए और आधे से अधिक जेवरात बरामद कर लिया है।
इन दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे लोग बांस-बल्ली के सहारे छत पर चढ़े। टॉप फ्लोर पर आलमारी तोड़कर चोरी की। व्यवसायी ने बताया कि उनकी बेकरी है। पांच नवंबर को वे पत्नी और बच्चों के साथ दुकान पर गए थे। रात करीब 9.20 बजे लौटे तो आलमारी खुली थी। सारा सामान और जेवरात के डिब्बे कमरे में बिखरे हुए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी अमित चोरी के आरोप में पहले भी जेल जा चुका है। दो माह पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। आते ही चोरी की घटना को अंजाम दिया।






