पटनाः बक्सर के डुमरांव प्रखंड में 12 से ज्यादा छात्राओं के साथ दो शिक्षकों द्वारा किसे गये कथित दुष्कर्म के मामले ने सनसनी फैला दी है। दोनों आरोपी शिक्षक को बर्खास्त करने का आदेश शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दे दिया है। इसके साथ ही पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का भी आदेश दिया गया है। इस मामले में पीड़ित छात्रा ने बताया कि होटल में ले जाकर शिक्षक दुष्कर्म करते और वीडियो भी बनाते थे। ब्लेकमेल कर बुलाता था और फिर दूसरी लड़कियों को भी फोन करवाता था। शिक्षक पीड़ित छात्राओं से कहता था कि मैं तुम्हे सारे सब्जेक्ट में पास कर दूंगा। इसके लिए तुम्हें मुझसे फोन पर बात करनी होगी और मेरे साथ घूमना होगा। मैं जहां ले जाऊंगा और जो कहूंगा, तुम्हें वह सब करना होगा। उसने मेरा माइंड वॉश कर के मेरे साथ रेप किया है।
शिक्षक परिवार से ताल्लुक रखता है आरोपी
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मामले के दो मुख्य आरोपियों में से एक शिक्षक अरविंद कुमार ब्रह्मपुर नगर पंचायत का रहने वाला है। बताया जाता है कि अरविंद एक प्रतिष्ठित और प्रबुद्ध शिक्षक परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके स्वर्गीय पिता प्रेमचंद प्रसाद सम्मानित शिक्षक थे और उन्होंने समाज में शिक्षा के प्रसार में योगदान दिया था।
पिता के निधन के बाद बड़े भाई को मिली थी अनुकंपा पर नौकरी
स्थानीय जानकारी के अनुसार, सेवाकाल के दौरान पिता के निधन के बाद बड़े पुत्र अनिल कुमार को अनुकंपा पर नौकरी मिली।वह वर्तमान में निमेज पांडेपुर विद्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। दो भाइयों में अरविंद कुमार सबसे छोटा है। उसकी दो बहनों में से एक का विवाह हो चुका है।स्थानीय स्तर पर परिवार की पहचान एक शिक्षित और संभ्रांत परिवार के रूप में रही है।


दोनों शिक्षकों की गिरफ्तारी के निर्देश
शिक्षा मंत्री ने बक्सर एसपी को निर्देश दिया है कि दोनों आरोपित शिक्षकों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए। मंत्री ने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करायी जाए, ताकि पीड़ित छात्राओं को जल्द न्याय मिल सके।
प्रधानाध्यापक मु. इमाम अली अंसारी गिरफ्तार
इधर, मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मु. इमाम अली अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है। खास बात यह है कि इमाम अली अंसारी का चयन राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए हुआ था। घटना के बाद जिला शिक्षा विभाग ने उन्हें पुरस्कार से वंचित करने के लिए विभाग को पत्र भेजा है।
आरोपी शिक्षकों की तलाश में छापेमारी तेज
डुमरांव के मध्य विद्यालय नथुनी अहिर के डेरा में छात्राओं से छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और धमकी देने के आरोपों को लेकर डुमरांव के बीईओ को शोकॉज किया गया है। वहीं, दोनों आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है।
होटलों में भी पुलिस ने खंगाले कमरे
पुलिस बुधवार सुबह से ही डुमरांव में सक्रिय रही। वायरल वीडियो में नजर आ रहे कमरे की पहचान के लिए शहर के विभिन्न होटलों की भी जांच की गयी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित वीडियो कहां बनाया गया था। इस मामले में एक पीड़िता की मां के बयान पर प्रधानाध्यापक और दोनों आरोपित शिक्षकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
देह व्यापार के आरोप पर एसपी ने कही यह बात
बक्सर एसपी शुभम आर्य ने बताया कि दोनों आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित की गयी है। पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर जांच की है और ग्रामीणों से भी जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। कुछ लोगों द्वारा विद्यालय की पास आउट छात्राओं से देह व्यापार कराने के आरोप के संबंध में एसपी ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है। जांच के दौरान यदि इस तरह की कोई बात सामने आती है, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो में दिख रही छात्रा को लेकर भी जांच
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने अपने प्रतिवेदन में दावा किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रही लड़की विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा नहीं है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और इससे जुड़े सभी आरोपों की जांच कर रही है। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर विद्यालय में पदस्थापित सहायक शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद और विद्यालय अध्यापक अरविंद कुमार पर छात्राओं के साथ दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और ऑडियो के माध्यम से धमकी देने समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले में साक्ष्यों और सभी संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है।




