रामगढ़ में राहुल दुबे गैंग के सात अपराधी गिरफ्तार,पतरातू में MGCPL कंपनी के कार्यस्थल पर गोलीबारी मामले कार्रवाई

रामगढ़ में राहुल दुबे गैंग के सात अपराधी गिरफ्तार,पतरातू में MGCPL कंपनी के कार्यस्थल पर गोलीबारी मामले कार्रवाई

रामगढ़ : पतरातू में ओवरब्रिज निर्माण कार्य में लगे एमजीसीपीएल कंपनी के कैंप के मेन गेट पर 29 मार्च को गोलीबारी करने के मामले में पुलिस ने राहुल दूबे गिरोह के सात अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ़्तार करने में सफलता हासिल की है। रविवार की शाम रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने मीडिया से बातचीत कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया। एसपी ने बताया कि रामगढ़ व हजारीबाग जिले के सीमावर्ती इलाकों में छुपकर रहने वाले अपराधियों ने एमजीसीपीएल कंपनी को टारगेट किया था। सभी अपराधी राहुल दुबे गिरोह के लिए काम कर रहे थे। गिरफ्तार लोगों के पास से एक रिवाल्वर, एक देशी पिस्टल, चार कारतूस, एक आई-20 कार, एक लैपटाप, एक आइफोन और सात एंड्राइड फोन जप्त किए गए हैं। गिरफ्तार अपराधियों में हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलीगढ़ा पक्का धौड़ा निवासी तुषार सिंह, रेलीगढ़ा बाजार निवासी मिथुन कुमार, रेलीगढ़ा निवासी बादल सिंह उर्फ कुणाल कुमार, सुमित पांडे, रेलीगढ़ा मस्जिद के पास रहने वाले सन्नी बेदिया, कुणाल सिंह उर्फ शिवम सिंह और भुरकुंडा ओपी के रिवरसाइड निवासी अमन अंसारी शामिल हैं। एसपी ने बताया कि 29 मार्च की रात राहुल दुबे गैंग के अपराधियों ने एमजीसीपीएल कंपनी के कार्य स्थल पर गोली चलाई थी। इस कंपनी ने गैंग को मैनेज किए बिना ही रेलवे ओवरब्रिज का काम शुरू किया था। अपराधियों ने लेवी लेने के लिए फायरिंग की। अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। एसपी ने बताया कि शनिवार की रात एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पतरातू रेलवे ओवरब्रिज फाटक के पास भुरकुंडा की तरफ से आ रही एक कार आई-10 (जेएच 01 एफएफ 2503) और उसके पीछे आ रहे एक और मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर कार और बाइक पर सवार लोग भगाने लगे। कार भी लोहे के गार्डर से टकरा गई। पुलिस ने इसी दौरान सभी अपराधियों को पकड़ा। पुलिस ने कार पर सवार अपराधी तुषार सिंह, मिथुन कुमार और अमन अंसारी को पकड़ा तो सारे राज खुल गए। उनकी तलाशी ली गई तो तुषार कुमार के पास से लोडेड देशी रिवाल्वर बरामद हुआ। अन्य दो युवकों के पास से मोबाइल जप्त किया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि राहुल दुबे के कहने पर ओवरब्रिज कंस्ट्रक्शन साइट पर दोबारा गोली चलाने की योजना को अंजाम देने पहुंचे थे। तुषार सिंह के द्वारा बताया गया कि राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के द्वारा और भी हथियार दिया गया है, जिससे वह अपने साथी के पास रखे हुए हैं। राहुल दुबे उर्फ मामा से जंगी ऐप से बातचीत हुई और योजना बनी। बाइक पर सवार लोगों को अपने साथ लेकर वे रेलवे क्रॉसिंग ओवर ब्रिज कंस्ट्रक्शन साइट पर गोली चलाने के लिए पहुंचे थे।
धनबाद में कोयला चोरों का दुस्साह, ASI और उनकी पत्नी पर किया हमला
तुषार ने रांची में भाड़े पर ली थी कार
अपराधी तुषार ने कार रांची से किराए पर ली थी। सेल्फ ड्राइव कर लेकर तुषार भुरकुंडा पहुंचा और वहीं से उसने अपने साथियों से संपर्क किया। उसके साथ गिरफ्तार अमन अंसारी की निशानदेही पर देसी पिस्टल बरामद किया गया। उनके निशानदेही पर ही कुणाल सिंह उर्फ शिवम सिंह, बादल सिंह उर्फ कुणाल कुमार, सुमित पांडे तथा सन्नी बेदिया को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी अभियान में पतरातू इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, सब इंस्पेक्टर शिवा कच्छप, ओंकार पाल, आशीष कुमार गौतम, अभिनव कुमार, अमित कुमार, अखिलेश सिंह, रोशन बाड़ा, मोहम्मद नौशाद सहित अन्य लोग शामिल थे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now