पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के अंतिम दिन सुरक्षा में चूक देखने को मिला। बेगूसराय में सांड सुरक्षा घेरे में प्रवेश कर गया। सांड को हेलीपैड परिसर में चहलकदमी करता देख सुरक्षाकर्मी उसको काबू करने की कोशिश जुट गए थे। लेकिन गुस्साए सांड ने सुरक्षाकर्मियों को ही दौड़ा लिया। एक घंटे तक ऐसा लगा जैसे ये मैदान बुल फाइट के लिए ही तैयार किया गया हो।
बिहार में बेमौसम होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं
सांड से भागते दिखे सुरक्षाकर्मी : एक सुरक्षा कर्मी ने जब सांड को नियंत्रित करने की कोशिश की तो उस सांड ने सुरक्षाकर्मी को ही खदेड़ना शुरू कर दिया।सुरक्षाकर्मी किसी तरह भाग कर अपनी जान बचा सके।
पुलिसकर्मी की जान पर आने वाली थी आफत : सांड को भगाने के दौरान पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। दरअसल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत बेगूसराय के बरौनी प्रखंड स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले थे।
लगभग 1 घंटे तक चला ड्रामा : मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा हेलीपैड और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसी दौरान अचानक एक सांड हेलीपैड कैंपस में घुस गया, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सांड को हेलीपैड कैंपस से बाहर भगाया जा सका।
सीएम की सुरक्षा पर उठे सवाल : घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच आखिर सांड हेलीपैड कंपाउंड तक कैसे पहुंच गया। हालांकि बाद में प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए गए थे।




