सैफ की मां शर्मिला टैगोर ने बेटे की जान बचाने वाले ऑटो चालक को कहा शुक्रिया, पैसे भी दिए और खिंचवाई तस्वीरें

Saif meets auto-rickshaw driver who took him to hospital after knife attack

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने यहां पिछले सप्ताह हुए हमले के बाद उन्हें अस्पताल ले जाने वाले ऑटो-रिक्शा चालक भजन सिंह राणा से मुलाकात की और मदद करने के लिए आभार व्यक्त किया। चालक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सैफ ने उसे कुछ पैसे भी दिए और जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

ऑटो ड्राइवर को सैफ ने दिए पैसे

राणा ने कहा कि मंगलवार को सैफ को अस्पताल से छुट्टी मिलने से ठीक पहले जब वह लीलावती अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उनकी मां शर्मिला टैगोर के पैर छुए।उन्होंने कहा कि सभी ने उन्हें बहुत सम्मान दिया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उन्होंने यह भी कहा कि अभिनेता ने उनके संपर्क में रहने का वादा किया है।

सैफ अली खान

सैफ पर चाकू से हुआ था हमला

सोलह जनवरी की रात यहां बांद्रा क्षेत्र में एक अर्पाटमेंट की 12वीं मंजिल पर स्थित 54 वर्षीय अभिनेता के घर में उन पर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला किया था। हमलावर ने उन पर कई बार चाकू से वार किया। इसके बाद खान को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई थी।

सैफ ने डिस्चार्ज होने से पहले बुलाया था

खान को मंगलवार शाम यहां स्थित लीलावती अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। ऑटोरिक्शा चालक ने कहा, ‘‘मैं कल अस्पताल में उनसे (सैफ से) मिला। उन्होंने अस्पताल पहुंचाने में मदद करने के लिए मुझे धन्यवाद देने के वास्ते बुलाया था। उन्होंने मेरी सराहना की। मुझे उनसे और उनके परिवार से आशीर्वाद मिला।’’

शर्मिला टैगोर ने ऑटो चालक को दिए पैसे

राणा ने कहा, ‘‘उन्होंने (खान) मुझे अपनी मां (शर्मिला टैगोर) से मिलवाया और मैंने उनके पैर छुए। उन्होंने मुझे जो भी सही लगा, रुपये दिए और कहा कि जब भी मुझे मदद की जरूरत होगी, वह उपलब्ध रहेंगे।’’ पुलिस ने अभिनेता पर हमले के आरोप में रविवार को ठाणे से बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को गिरफ्तार किया था। शहजाद अवैध रूप से भारत में घुसा था और उसने अपना नाम बदलकर विजयदास कर लिया था।

संजय निरुपम ने की सैफ पर टिप्पणी

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी चोरी करने के इरादे से अभिनेता के घर में घुसा था। इस बीच, शिवसेना नेता संजय निरूपम ने बॉलीवुड अभिनेता के ‘‘शीघ्र स्वस्थ होने’’ पर टिप्पणी की।निरूपम ने कहा, ‘‘लीलावती अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा कि चाकू सैफ अली खान की पीठ के 2.5 इंच अंदर तक घुस गया था और उनकी सर्जरी छह घंटे तक चली थी। उन्हें हमें यह बताना चाहिए कि क्या छह घंटे लंबे ऑपरेशन से गुजरने वाला व्यक्ति इतनी जल्दी ठीक हो सकता है।’’

शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने भी अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने के बारे में बात की। राउत ने कहा, ‘‘चाकू गहराई तक घोंपा गया था, लेकिन सैफ अस्पताल से खुद चलकर बाहर आए। यह डॉक्टरों के किसी चमत्कार से कम नहीं है।’’

भाषा

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now