पटनाः ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद और खान ग्लोबल कोचिंग के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के बीच का विवाद और बढ़ गया है। रौशन आनंद अपने भाई प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार करने के बाद सीधे पटना के कदमकुआं थाना पहुंचे और फैजल खान, एक कोल्ड स्टोरेज के मालिक और उसके मैनेजर समेत अन्य लोगों के खिलाफ अपने भाई के हत्या की शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने आपराधिक साजिश रचकर उनके 24 वर्षीय भाई प्रिंस यादव की हत्या करवाई है।
रौशन का कहना है कि उनके भाई प्रिंस यादव का शव 13 जून को नेपाल के विराटनगर स्थित शुभ होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उनका आरोप है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम है। उन्होंने ने यह भी दावा किया कि बेउर जेल में रहने के दौरान फैजल खान, कथित कोल्ड स्टोरेज मालिक डॉ. रामाशंकर प्रसाद, मैनेजर कन्हैया कुमार सिंह और अन्य लोगों ने उनके खिलाफ भी साजिश रची थी।
थाने के बाहर धरने पर बैठे रौशन आनंद
पुलिस की ओर से कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ FIR दर्ज नहीं करने के बाद रौशन आनंद का गुस्सा और ज्यादा फूट पड़ा।वे थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस के खिलाफ रौशन आनंद के समर्थकों ने हाय-हाय के नारे लगाए। मीडिया के सामने रौशन आनंद ने कहा कि मुझे साजिश के तहत जेल भेज दिया गया। मेरे भाई की हत्या हो गई।किसके दबाव में FIR दर्ज नहीं हो रही है, यह कदमकुआं थाने की पुलिस बतायेगी।
आगे उन्होंने यह भी कहा कि अगर आज FIR दर्ज नहीं होती है, तो हम यहीं बैठेंगे। हमको पटना पुलिस गोली मार दे, लेकिन हम यहीं बैठेंगे। रसूख का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऊपरी दबाव के कारण मेरा FIR दर्ज नहीं किया जा रहा है। इस दौरान रौशन आनंद ने थाना प्रभारी पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। रौशन आनंद अपने वकील निरंजन कुमार के साथ कदमकुआं थाने पहुंचे और करीब पांच घंटे तक थाने में बैठे रहे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की। रौशन ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में पुलिस कार्रवाई से बच रही है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी ने FIR दर्ज करने से मना कर दिया।
IG जितेंद्र राणा ने की रौशन आनंद से मुलाकात
ऐसे में जब रौशन आनंद और उनके समर्थक थाने के बाहर ही डटे रहे और FIR दर्ज करने पर ही अड़ गए, तब जाकर IG जितेंद्र राणा ने उनसे मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक, आज 12 बजे तक का समय दिया गया है। रौशन आनंद ने कहा कि IG साहब ने कहा कि कल (आज) 12 बजे तक का समय दीजिए। FIR दर्ज हो जाएगा। लेकिन रौशन आनंद ने यह भी कहा कि अगर FIR दर्ज नहीं हुआ तो, हम न्यायालय का रुख करेंगे। न्यायपालिका पर हमें पूरा भरोसा है, इसलिए हमें बेल भी मिल पाया है।
आवेदन में रौशन आनंद ने क्या दिया था?
रौशन आनंद ने कदमकुआं थाने में आवेदन देकर अपने छोटे भाई प्रिंस यादव की हत्या, खुद को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने और जेल के अंदर जान से मारने की कोशिश किए जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आवेदन में रौशन आनंद ने बताया है कि वह मुसल्लहपुर हाट स्थित ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी का संचालन करते हैं। उनके कोचिंग संस्थान के बगल में फैजल खान उर्फ खान सर का कोचिंग संस्थान संचालित होता है।आवेदन के अनुसार, 2 जून 2026 की रात करीब 10 बजे दोनों कोचिंग संस्थानों के स्टाफ के बीच पोस्टर हटाने को लेकर मारपीट हुई थी। इस घटना में एक गार्ड को चोटें भी आई थीं। रौशन आनंद ने आवेदन में कहा है कि उस समय न तो वह खुद, न उनके भाई प्रिंस यादव और न ही अभिषेक वहां मौजूद थे और उन्हें इस घटना की जानकारी भी नहीं थी।







