लोहरदगा : सेन्हा थाना क्षेत्र के मेतगढ़ा गांव में मंगलवार को नदी में बहे 28 वर्षीय युवक बितेश्वर लोहरा की तलाश बुधवार को शव मिलने के साथ खत्म हुई। घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर दूसरे चैकडेम के पास सिंबर के पेड़ की जड़ में उसका शव फंसा मिला। शव बरामद होते ही स्वजन की उम्मीदें मातम में बदल गईं। मेतगढ़ा निवासी बीतू लोहरा का पुत्र बितेश्वर मंगलवार को खेत जाने के लिए निकला था। नदी पर बने चैकडेम को पार करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में गिर पड़ा और तेज बहाव उसे अपने साथ बहाकर ले गया।


हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल नदी के आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन अंधेरा होने तक कोई सुराग नहीं मिला।बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को साथ लेकर नदी के किनारे और आसपास के हिस्सों में तलाशी शुरू की गई। लगातार बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण अभियान में काफी मुश्किलें आईं। इसी दौरान दूसरे चैकडेम के पास पेड़ की जड़ में शव दिखाई दिया। मौके पर जिला परिषद सदस्य राधा तिर्की समेत पुलिस बल मौजूद था।सेन्हा थाना प्रभारी ने बताया कि नदी में पानी की गहराई और तेज बहाव को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम बुलाने के लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा गया था। टीम पहुंचती, इससे पहले ही शव बरामद हो गया। इसके बाद एनडीआरएफ को रोक दिया गया।






