रांची : राजधानी में मानसून के दौरान लगातार बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे ड्यूटी देने वाले यातायात पुलिस कर्मियों के लिए राहत भरी पहल की गई। रांची के पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय परिसर में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में अदाणी फाउंडेशन ने सिटीजन फाउंडेशन के सहयोग से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बीच छातों का वितरण किया। इस पहल का उद्देश्य विपरीत मौसम में भी पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके कार्य को सुगम बनाना है। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि बारिश, तेज धूप और बदलते मौसम के बावजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी घंटों सड़कों पर खड़े रहकर यातायात व्यवस्था संभालते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। इससे पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान काफी सहूलियत मिलेगी और वे अधिक प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे।

यातायात पुलिस उपाधीक्षक रामाकांत रजक ने इस सहयोग के लिए अदाणी फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों के कार्य की परिस्थितियों को समझते हुए किया गया यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर कार्य वातावरण तैयार करने में भी मददगार साबित होती है। अदाणी पावर झारखंड के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स संजीव शेखर ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन केवल विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में भी लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जिम्मेदारी के तहत आगे भी जरूरतमंद वर्गों और सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े कर्मियों के लिए ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे। इस अवसर पर अदाणी पावर झारखंड के वरीय प्रबंधक रणवीर सिंह, सिटीजन फाउंडेशन के हेमंत तिर्की सहित बड़ी संख्या में यातायात पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने इस पहल को जनहित और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।







