RANCHI: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) तथा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ छात्रों के आंदोलन का आज 17वां दिन है।छात्रों और सरकार के डेलीगेशन के बीच रविवार को तीसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही। वार्ता के दौरान छात्रों की दो बड़ी मांगों पर सहमति नहीं बन सकी, जिसके कारण आज छात्र विधानसभा घेराव कर रहे हैं।प्रदर्शनकारी JSSC CGL परीक्षा रद करने तथा परीक्षाओं में अनियमितता की सीबीआइ जांच की मांग पर अड़े हुए हैं और विधानसभा मार्च के लिए हजारों की संख्या में छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जुट गए हैं।

छात्रों के विधानसभा घेराव’ को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रांची जिला प्रशासन ने नव-निर्मित विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) लागू कर दी है। छात्रों के विधानसभा घेराव को लेकर गाइडलाइन भी जारी किया है ताकि किसी भी तरह का उपद्रव की स्थिति पैदा नहीं हो सके। छात्र आंदोलन और विधानसभा घेराव के आह्वान के बाद सोमवार को विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा का ऐसा घेरा खड़ा कर दिया गया है कि प्रदर्शनकारियों के लिए विधानसभा तक पहुंचना आसान नहीं होगा। विधानसभा पहुंचने से पहले छात्रों को छह जगहों पर लगाए गए बैरिकेड का सामना करना पड़ेगा।

सभी प्रमुख बैरिकेड पर कंटीले तार लगाए गए हैं। सुबह सात बजे से ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। छात्र सोमवार को होने वाले विधानसभा घेराव को लेकर आपस में चर्चा कर रणनीति तैयार कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि अब आंदोलन केवल कुछ संगठनों या जिलों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राज्यभर के युवाओं की आवाज बनता जा रहा है।






