DESK: रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत पैंकी गांव के समीप एनएच-33 पर रविवार देर रात करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। पटना रांची मुख्य मार्ग nh 33 पर बिहार के नालंदा जिले से आ रही स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वाहन सवार 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पुरुष घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बताया जाता है कि स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुषों की मौत हुई है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो द्वारा किसी अज्ञात वाहन को पीछे से टक्कर मारने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर रामगढ़ सदर अस्पताल के शवगृह में रखवाया। मृतकों की पहचान एवं सत्यापन के लिए बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार,बिहार के नालंदा जिले के जंघरों गांव के 14 लोग स्कॉर्पियो से रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहे थे। इसी दौरान पैंकी के पास उनकी गाड़ी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।






