रांचीः बरियातू थाना क्षेत्र के रानी बगान में रहने वाले जमीन कारोबारी विजेंद्र सिंह से कुख्यात अपराधी प्रिंस खान ने एक करोड़ की रंगदारी मांगी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने फोन करने वाले अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पीड़ित बिजेंद्र सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 7 मंगलवार को उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप संदेश प्राप्त हुआ।
संदेश भेजने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि तय समय पर रकम नहीं देने पर उनकी हत्या कर दी जाएगी। बिजेंद्र सिंह के अनुसार, धमकी मिलने के बाद वह शिकायत लेकर बरियातू थाना पहुंचे।
उन्होंने थाना प्रभारी को पूरी घटना की जानकारी दी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर फिर से व्हाट्सऐप काल आया। काल करने वाले ने स्वयं को प्रिंस खान बताते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर रंगदारी की रकम पहुंच जानी चाहिए, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।कारोबारी ने आवेदन में कहा है कि धमकी मिलने के बाद वह और उनका परिवार बेहद भयभीत है। बिजेंद्र ने पुलिस को बताया कि प्रिंस खान के द्वारा उनकी रेकी कराई गई है। पूरे परिवार का और गाड़ी का डिटेल प्रिंस खान ने बिजेंद्र को दिया है।
इन कारोबारियों से मांगी जा चुकी है रंगदारी
-पांच जून कोे कारोबारी उदय शंकर से पांच करोड़ रूपये की मांगी गई रंगदारी
-चार जून को सर्राफा कारोबारी सुमन पाल से पांच करोड़ रुपये की मांगी गई रंगदारी
-24 जून में कास्मेटिक कारोबारी उमाशंकर सिंह से मांगी गई पांच करोड़ की रंगदारी।
-जून में जलजोगा रेस्टोरेंट के संचालक से 50 लाख की मांगी गई रंगदारी
-जून जय हिंद फार्मा के संचालक से मांगी गई एक करोड़ की रंगदारी
टीटोस रेस्टोरेंट रंगदारी के लिए कर्मचारी की हुई थी हत्या
एयरपोर्ट रोड में स्थित टीटोस बार में एक कर्मचारी की हत्या कराने के बाद प्रिंस खान का नाम सबसे अधिक चर्चा में आया था। रेस्टोरेंट के संचालक से रंगदारी की मांग हुई थी। पैसा नहीं मिलने पर प्रिंस खान ने शूटरों को भेजकर घटना को अंजाम दिलाया था।

