पलामूः जिला में पांडू थाना क्षेत्र के खुरा गांव में पिकअप ने चार लोगों को रौंद दिया है। इस दुर्घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई है जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना में शामिल पिकअप को पुलिस ने जब्त कर लिया है जबकि गाड़ी चलाने वाला युवक फरार हो गया है।
दरअसल, खुरा गांव में गोविंद राम नामक व्यक्ति के घर के बाहर लोग बैठे हुए थे। वहीं गांव का ही एक युवक गाड़ी चलाना सीख रहा था। इसी क्रम में वह पिकअप लेकर गोविंद राम के घर के बाहर बैठे लोगों को रौंद दिया। इस घटना में रामबचन राम नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सुमित्रा देवी एवं अन्य दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सुमित्रा देवी को इलाज के लिए बिश्रामपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी दोनों व्यक्ति को इलाज के लिए बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है।
इस हादसे को लेकर पांडु थाना प्रभारी बिगेश कुमार राय ने बताया कि घटना के बाद युवक फरार है, पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। पिकअप को जब्त कर लिया गया है जबकि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक पिकअप चलाना सीख रहा था इसी क्रम में यह घटना हुई है जिसमें दो लोगों की मौत हुई है। दरअसल सभी मृतक और जख्मी एक ही जगह के रहने वाले हैं जबकि आरोपी भी उसी मोहल्ले का रहने वाला है।






