DESK : महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन के राष्ट्रीय अधिवेशन एवं वार्षिक उत्सव में झारखंड के रामगढ़ जिले के फुलसराय निवासी नरेंद्र साहू उर्फ रवि साहू को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें महासंगठन का झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से पहुंचे समाज के प्रतिनिधियों, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और समाज के अगुवा लोगों ने संगठन के विस्तार, सामाजिक एकजुटता और समाज को मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सह तेली घानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, मध्य प्रदेश के सिंगरौली विधायक रामनिवास साहू, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और बड़कागांव की पूर्व विधायक सह एआइसीसी की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।


महासंगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी गुप्ता और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निलेश ने रवि साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व पत्र सौंपा। नई जिम्मेदारी मिलने पर रवि साहू ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि देशभर से जुटे समाज के वरिष्ठजनों ने उन पर विश्वास जताकर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे। संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के साथ समाज के लोगों को संगठन के उद्देश्य और गतिविधियों से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी। रवि साहू ने कहा कि झारखंड के सभी जिलों में संगठन का विस्तार और मजबूती के लिए सक्रियता से काम किया जाएगा। समाज के युवाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उसे कार्य के माध्यम से साबित करना उनकी जिम्मेदारी है। अधिवेशन में सामाजिक विकास, संगठनात्मक विस्तार और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। झारखंड से जुड़े प्रतिनिधियों ने रवि साहू को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।






