रांचीः झारखंड में पिछले 24 घंटे में फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम केंद्र के प्रमुख डॉक्टर बाबूराज पीपी के अनुसार, रांची में मॉनसून लौट गया है। वर्तमान में एक टर्फ लाइन पूर्वोत्तर बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक झारखंड और ओडिशा से होकर गुजर रही है। इसके अतिरिक्त दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई रेखा सुपौल, रांची और रायपुर से होकर गुजर रही है। इस स्थिति के कारण राज्य के मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा।
इसके असर से पांच से सात अक्टूबर तक बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है। इस दौरान मौसम विज्ञानिकों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात होने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। पांच अक्टूबर को राजधानी में आंशिक बादल छाये रहेंगे। कहीं-कहीं गर्जन वाले बादल बनने के आसार है। छह से आठ अक्टूबर तक आसमान में बादल छाये रहेंगे। एक से दो बार हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके बाद के तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

आज इन जिलों में दिखेगा मौसम का असर
5 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में आंशिक बादल छाये रहेंगे। इसके अलावा हजारीबाग, कोडरमा और चतरा में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका है।
6-7 अक्टूबर को पूरे राज्य में छाए रहेंगे बादल
6 से 7 अक्टूबर तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाये रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 7 अक्टूबर को राज्य में कहीं-कहीं वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।






