नई दिल्लीः 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र समेत वीरता पुरस्कारों की घोषणा की गई है । बिहार के सब इंस्पेक्टर शहीद मोहम्मद इम्तियाज को वीर चक्र मिलेगा । नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाने वाले लक्ष्मण केवट को शौर्य चक्र मिलेगा । महाराष्ट्र के प्रवीण प्रभारक को कीर्ति चक्र देने का एलान किया गया है । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस 2025 की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कार्मिकों को कुल 127 वीरता पुरस्कार और 40 विशिष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी दी है।
कुलगाम मुठभेड़ में कीर्ति चक्र पाने वाले शहीद प्रवीण प्रभाकर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हाल ही में हुई मुठभेड़ों में छह आतंकियों को मार गिराया गया था, लेकिन इस दौरान सेना के दो वीर सपूत, पैरा कमांडो लांस नायक प्रदीप कुमार और राष्ट्रीय राइफल्स के सिपाही प्रवीण जंजाल प्रभाकर ने वीरगति पाई। महाराष्ट्र के अकोला जिले के रहने वाले 26 वर्षीय प्रभाकर को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। वे 2019 में सेना में भर्ती हुए थे और कुछ महीने पहले ही राष्ट्रीय राइफल्स में कुलगाम में तैनात हुए थे।
शहीद लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी की वीरगाथा
इस अवसर पर देश लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी के बलिदान को भी नमन कर रहा है। 23 मई 2025 को सिक्किम में एक ऑपरेशनल मिशन के दौरान उन्होंने बर्फीली तेज़ धारा में गिर चुके एक युवा अग्निवीर को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। साथी को तो बचा लिया, लेकिन खुद बहादुरी दिखाते हुए शहीद हो गए। अयोध्या में जन्मे शशांक का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ उनके गृहनगर में हुआ। शंशाक तिवारी को भी कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा।
बिहार के शहीद मोहम्मद इम्तियाज को वीर चक्र
सूची में बिहार के सब इंस्पेक्टर शहीद मोहम्मद इम्तियाज का नाम भी शामिल है, जिन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय दिया था।
इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट को शौर्य से सम्मानित किया जाएगा। सन 2012 में आरक्षक पद से सेवा की शुरुआत करने वाले लक्ष्मण केवट की पहली पोस्टिंग नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में हुई थी। 12 साल की सेवा में वे अब तक 34 नक्सलियों का एनकाउंटर कर चुके हैं और कई इनामी नक्सलियों को मुठभेड़ में ढेर किया है। लंबे समय तक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सेवा देने के कारण उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला और फिलहाल वे कांकेर जिले के पखांजूर में थाना प्रभारी हैं।
घोषित वीरता पुरस्कारों में शामिल हैं:
- कीर्ति चक्र — 4
- वीर चक्र — 15
- शौर्य चक्र — 16
- सेना पदक (गैलेंट्री) — बार टू — 2
- सेना पदक (गैलेंट्री) — 58
- नौ सेना पदक (गैलेंट्री) — 6
- वायु सेना पदक (गैलेंट्री) — 26
घोषित विशिष्ट सेवा पुरस्कारों में शामिल हैं:
- सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक — 7
- उत्तम युद्ध सेवा पदक — 9
- युद्ध सेवा पदक — 24
इसके अतिरिक्त, राष्ट्रपति ने 290 ‘मेंशन-इन-डिस्पैचेज’ (युद्ध के दौरान उत्कृष्ट सेवा के लिए विशेष उल्लेख) को भी मंजूरी दी है, जिनमें:
- भारतीय सेना के 115 कार्मिक
- भारतीय नौसेना के 5 कार्मिक
- भारतीय वायु सेना के 167 कार्मिक
- बॉर्डर रोड्स डेवलपमेंट बोर्ड (BRDB) के 3 कार्मिक शामिल हैं।
कीर्ति चक्र
- आईसी-88733वाई कैप्टन लालरिनावमा सैलो, 4 पैरा (स्पेशल फोर्सेस) — सेना
- आईसी-91128डब्ल्यू लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी, आर्मी सर्विस कॉर्प्स, 1 सिक्किम स्काउट्स — सेना
- 21009588वाई लांस नायक मीनाक्षी सुंदरम ए., द रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी, 34 राष्ट्रीय राइफल्स — सेना
- 4594379एम सिपाही जांजल प्रवीण प्रभाकर, द महाराष्ट्र रेजिमेंट, 1 राष्ट्रीय राइफल्स — सेना
वीर चक्र
- आईसी-69077एन कर्नल कोशांक लांबा, 302 मीडियम रेजिमेंट — सेना
- आईसी-72358पी लेफ्टिनेंट कर्नल सुशील बिष्ट, 1988 (स्वतंत्र) मीडियम बैटरी — सेना
- जेसी-524528वाई नायब सूबेदार सतीश कुमार, 4 डोगरा — सेना
- 9124126एफ रायफलमैन सुनील कुमार, 4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री — सेना
- 28181, ग्रुप कैप्टन रणजीत सिंह सिद्धू, उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- 28462, ग्रुप कैप्टन मनीष अरोड़ा, उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- 28689, ग्रुप कैप्टन अनीमेश पाटनी, उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- 29889, ग्रुप कैप्टन कुनाल कालरा, उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- 30398, विंग कमांडर जॉय चंद्रा, उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- 32748, स्क्वाड्रन लीडर सार्थक कुमार, उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- 33900, स्क्वाड्रन लीडर सिद्धांत सिंह, उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- 34563, स्क्वाड्रन लीडर रिज़वान मलिक, उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- 36433, फ्लाइट लेफ्टिनेंट आर्शवीर सिंह ठाकुर, उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- 870027370, सब इंस्पेक्टर (जीडी) मोहम्मद इम्तेयाज — गृह मंत्रालय
- 214005316, कॉन्स्टेबल/जीडी दीपक चिंगाखाम — गृह मंत्रालय
शौर्य चक्र
- आईसी-75018एक्स लेफ्टिनेंट कर्नल नितीश भारती शुक्ला, 19 सिख — सेना
- आईसी-81649डब्ल्यू मेजर भार्गव कालिता, कुमाऊं रेजिमेंट, 50 राष्ट्रीय राइफल्स — सेना
- आईसी-83864ए मेजर आशीष कुमार, 7 पैरा (स्पेशल फोर्सेस) — सेना
- आईसी-87240एल मेजर आदित्य प्रताप सिंह, एसएम, राजपूताना राइफल्स, 44 असम राइफल्स — सेना
- एआर-425वाई सहायक कमांडेंट मोहम्मद शफीक, 26 असम राइफल्स — सेना
- जेसी-414986एम सूबेदार शमशेर सिंह, 4 पैरा (स्पेशल फोर्सेस) — सेना
- 2712274डब्ल्यू लांस नायक राहुल सिंह, 4 पैरा (स्पेशल फोर्सेस) — सेना
- जी/5009749ए रायफलमैन भोज राम साहू, 3 असम राइफल्स — सेना
- 09213-एन लेफ्टिनेंट कमांडर सूरज प्रशार — नौसेना
- 254831-एन राम गोयल, सी मैन II — नौसेना
- विंग कमांडर अभिमन्यु सिंह (30725) उड़ान (पायलट) — वायु सेना
- इंस्पेक्टर श्री लक्ष्मण केवट — गृह मंत्रालय
- इंस्पेक्टर श्री रमेश्वर प्रसाद देशमुख — गृह मंत्रालय
- 145310461, कॉन्स्टेबल/जीडी सद्दाम हुसैन — गृह मंत्रालय
- 115342883, कॉन्स्टेबल/जीडी फिदा हुसैन डार — गृह मंत्रालय
- 115069477, कॉन्स्टेबल/जीडी संजय तिवारी — गृह मंत्रालय
सेना पदक (गैलेंट्री) बार टू
- आईसी-77496ए मेजर राहुल दत्ता, एसएम, द रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी, 6 राष्ट्रीय राइफल्स — सेना
- 12984882पी सिपाही नदीम इकबाल शाह, एसएम, 163 इन्फैंट्री बटालियन टेरिटोरियल आर्मी — सेना




