रांचीः झारखंड के जेलों में बंद अपराधी मोबाइल के माध्यम से ही अपना पूरा नेटवर्क चला रहे है। जेल के अंदर उन्हें आसानी से मोबाइल उपलब्ध हो जा रहा है। ताजा मामला गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा का सामने आया है। रांची जेल से चाईबासा जेल शिफ्ट करने के दौरान जेल में हुई तलाशी में रिया सिन्हा के पास से मोबाइल, सिम कार्ड और चार्जर बरामद किया गया है। रिया सिन्हा के ब्लेजर से एक मोबाइल और चार सिम बरामद किया गया है।
क्या है पूरा मामला
कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी और दर्जन भर मामलों में आरोपी रिया सिन्हा के पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया है।दरअसल, रिया सिन्हा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। जेल प्रशासन के आदेश पर रिया सिन्हा को रांची जेल से चाईबासा जेल शिफ्ट करने का आदेश हुआ। कड़ी सुरक्षा के बीच रिया को चाईबासा जेल ले जाया गया। चाईबासा जेल के महिला बंदी कक्षा में रिया की चेकिंग की गई।इस दौरान रिया के कपड़ों से एक स्मार्टफोन के अलावा कुछ टूटे हुए सिम कार्ड, चार्जर और एडाप्टर बरामद किए गए।
सदर थाने में FIR दर्ज
रिया के पास से बरामद मोबाइल उसके पास कहां से आया? इसकी तो जांच की जा रही है, लेकिन मोबाइल बरामदगी को लेकर चाईबासा के सदर थाने में FIR भी दर्ज की गयी है। यह FIR सदर थानेदार हीरालाल महतो के बयान पर दर्ज की गई है। FIR में लिखा गया है कि 24 जून को कुख्यात महिला अपराधकर्मी रिया सिन्हा को मंडल कारा चाईबासा में स्थानांतरित किया गया। रांची से एस्कॉर्ट टीम रिया सिन्हा को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से लेकर चाईबासा पहुंची थी। जेल में प्रवेश करने से पहले रिया की विधिवत तलाशी ली गई। DSP स्तर की महिला पुलिस अधिकारी ने रिया की जांच शुरू की। तलाशी के क्रम में महिला कैदी रिया सिंह के पास से एक मोबाइल फोन, जिसमें दो सिम कार्ड लगे हुए थे, चार्जर और अडॉप्टर बरामद किया गया।
कौन है रिया सिन्हा
रिया सिन्हा झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी है। रिया पहले भी जेल जा चुकी है। अक्टूबर 2025 महीने में रांची पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के कुछ अपराधियों की गिरफ्तारी की थी। गिरफ्तार अपराधियों ने बयान दिया था कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह एक साथ काम कर रहे हैं और दोनों गैंग्स के बीच की कड़ी रिया सिन्हा है। मामला सामने आने के बाद रिया सिन्हा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया।
सुजीत सिन्हा भी है जेल में
रिया सिन्हा का पति सुजीत सिन्हा एक कुख्यात अपराधी है।रिया भी अपने पति के साथ अपराध की दुनिया में बहुत पहले कदम रख चुकी थी। फिलहाल, सुजीत सिन्हा झारखंड के साहिबगंज जेल में बंद है। उस पर दर्जनों मामले दर्ज हैं।

