रांची: मोराबादी स्थित प्राइम पार्क के पास पेट्रोलिंग के दौरान पुलिसकर्मी को धक्का मारने वाले थार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त काली थार भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरियातू निवासी विश्राम उरांव (38 वर्ष) के रूप में हुई है।

मंगलवार (14 जुलाई) को पुलिस टीम मोराबादी क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध काली थार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का इशारा मिलते ही चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। भागने के दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात पेट्रोलिंग वाहन के चालक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनके सिर पर पांच टांके लगाए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी विश्राम उरांव को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया है।


