चतरा : चतरा पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल करते हुए चार अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि सभी अपराधी हंटरगंज थाना क्षेत्र में किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया।

एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी हंटरगंज क्षेत्र में एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन और हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने डुमरिया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद संदिग्ध भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के गया जिला अंतर्गत कोठी थाना क्षेत्र के बाराकला निवासी गौतम पासवान, बाराचट्टी थाना क्षेत्र के जायगीर निवासी प्रवीण कुमार, फतेहपुर थाना क्षेत्र के पतवास निवासी विकास मांझी तथा हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा निवासी चिंटू पासवान के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं, जिसके आधार पर इनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच की जा रही है। एसपी ने बताया कि गौतम पासवान के खिलाफ झारखंड और बिहार के विभिन्न थानों में नौ से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है। अनिमेष नैथानी ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की सतर्कता, त्वरित सूचना संकलन और प्रभावी कार्रवाई के कारण संभावित बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने से पहले ही विफल कर दिया गया।

