DESK: लोहरदगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश रच रहे दो अपराधियों को अवैध हथियार और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा गोलियां, एक मोबाइल फोन और एक अल्टो कार जब्त की है। एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने सदर थाना में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार करीब 11:45 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि नीले रंग की एक अल्टो कार में सवार तीन व्यक्ति अवैध आग्नेयास्त्र के साथ सोबरनटोली से जुरिया की ओर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए लोहरदगा थाना की एक विशेष टीम का गठन किया गया।
करीब 12 बजे सोबरनटोली क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध वाहन को देखा। पुलिस वाहन को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति दरवाजा खोलकर गलियों की ओर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। वहीं कार में सवार अन्य दो व्यक्तियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुसैन अंसारी (36 वर्ष), ग्राम लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला तथा अजय साहु (30 वर्ष), बीआईडी प्रेमनगर, लोहरदगा के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान संजय लोहरा, ग्राम लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला के रूप में की गई है।
तलाशी के दौरान अजय साहु के कमर से एक देशी पिस्टल (7.65 एमएम) और एक पैकेट में चार जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक व्यक्ति की हत्या की योजना बनाकर निकले थे, लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण पकड़े गए।
पुलिस ने इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 102/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2)(a), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजय साहु का पूर्व में अपहरण, लूट, बलात्कार सहित गंभीर मामलों में नाम सामने आ चुका है। वहीं फरार आरोपी संजय लोहरा पर गुमला और लोहरदगा जिलों में लूटपाट एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
जब्त सामग्री
एक देशी पिस्टल (7.65 एमएम)
एक मैगजीन
चार जिंदा गोलियां
एक सैमसंग मोबाइल फोन
अल्टो कार (जेएच-07बी-7575)
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस अभियान का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने किया। टीम में पु.अ.नि. रविरंजन कुमार, स.अ.नि. अशर्फी बहेलिया, चन्द्रदीप मेहता, रमेश कुमार तिवारी सहित रिजर्व गार्ड एवं चालक आरक्षी शामिल थे।
पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


