लोहरदगा: झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष मोज्जमिल अहमद इन दिनों संगठन की मजबूती और जनसंवाद को लेकर पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने लोहरदगा नगर क्षेत्र में आयोजित एक रात्रि चौपाल में शिरकत की। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निवासियों की समस्याओं से रूबरू होना और आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करना था। चौपाल के दौरान नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से आए लोगों ने बिजली, पानी, साफ-सफाई और सड़कों की बदहाली जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
झारखंड के लातेहार में भीषण सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ से आ रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 7 की मौत, 25 घायल
मोज्जमिल अहमद ने जनता की शिकायतों को न केवल धैर्यपूर्वक सुना बल्कि कई मामलों में संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात कर उनका त्वरित समाधान भी कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन समस्याओं के समाधान में समय लगेगा उनके लिए वे स्वयं जिला प्रशासन के समक्ष पैरवी करेंगे। जनसमस्याओं के निवारण के साथ-साथ रात्रि चौपाल में आगामी नगर चुनाव को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की शक्ति ही हमारी पहचान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाएं और चुनाव के लिए अभी से कमर कस लें। इस अवसर पर नगर छेत्र के ग्रामीणों के अलावा मुख्य रूप से नगर अध्यक्ष आकाश साहू, सचिव मोनू अली, सह सचिव हसनैन खलीफा, उपाध्यक्ष अहद आलम, बालमुकुंद लोहरा, राहुल कुमार, जफर आलम सहित जेएमएम के कई वरिष्ठ और युवा चेहरे मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को नगर क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। चौपाल के अंत में जिला अध्यक्ष ने स्थानीय युवाओं से राजनीति में भागीदारी बढ़ाने की अपील की।





