लोहरदगा : शहरी क्षेत्र के मिशन चौक निवासी प्रतिष्ठित व्यवसायी विजय जायसवाल 21 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे से लापता हैं। स्वजनों के अनुसार उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्हें बातें याद रखने में परेशानी होती है। घर से बिना किसी को बताए निकलने के बाद अब तक वापस नहीं लौटने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। स्वजन लगातार लोहरदगा से लेकर रांची तक उनकी तलाश कर रहे हैं। परिवार के अनुसार घर से निकलने के बाद विजय जायसवाल को सुबह करीब 9:22 बजे लोहरदगा शहरी क्षेत्र के बरवाटोली स्थित मनोकामना दुर्गा मंदिर के पास सीसीटीवी कैमरे में देखा गया था। इसके बाद उनके लोहरदगा से टेंपो के माध्यम से भंडरा पहुंचने की जानकारी मिली। भंडरा से दूसरी टेंपो में बैठकर वे रांची जिले के बेड़ो गए। वहां से टेंपो बदलकर नगड़ी की ओर जाने की बात सामने आई है।


रांची के अरगोड़ा चौक के बाद अब तक नहीं मिला सुराग
स्वजनों के अनुसार खोजबीन के दौरान विजय जायसवाल को रांची के अरगोड़ा चौक पर टेंपो से उतरते हुए अंतिम बार देखे जाने की जानकारी मिली है। इसके बाद उनका कोई स्पष्ट लोकेशन या सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार के सदस्य संभावित स्थानों पर लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं।
विजय जायसवाल कहीं दिखें तो सुरक्षित घर या थाने पहुंचाएं
विजय जायसवाल के स्वजनों ने आम लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि उन्हें कहीं भी देखा जाए तो तत्काल परिवार या स्थानीय पुलिस को सूचना दें या फिर घर तक पहुंचाएं दे या नजदीकी थाना पहुंचाने में मदद करें। जायसवाल परिवार ने कहा कि विजय की मानसिक स्थिति को देखते हुए उन्हें अकेले छोड़ना सुरक्षित नहीं है। उनका सुरक्षित घर लौटना ही परिवार की सबसे बड़ी चिंता है। परिवार ने लोगों से आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि लापता विजय जायसवाल के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर उसे तत्काल स्वजनों या पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि विजय जायसवाल को सुरक्षित वापस लाया जा सके।







