लातेहार : जिले के बरवाडीह के अंचलाधिकारी लवकेश सिंह की मनमानी और अमानवीय रवैये ने स्थानीय सब्जी बाजार में हड़कंप मचा दिया। शनिवार शाम को स्थिति तब गंभीर हो गई जब अंचलाधिकारी अपने वाहन के साथ स्टेट बैंक मार्ग स्थित कोशचन पेपर के सामने आए, जहां प्रतिदिन की तरह सब्जी बाजार लगता है। सूत्रों के अनुसार, अंचल अधिकारी ने अपने वाहन चालक को सीधे सब्जियों के ऊपर से वाहन निकालने का आदेश दे दिया। चालक ने आदेश का पालन करते हुए एक गरीब सब्जी दुकानदार की मेहनत पर चलाते हुए वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे दुकानदार की सब्जियां पूरी तरह बर्बाद हो गईं।
पतरातू में NTPC-PVUNL निर्माणाधीन यूनिट-2 में बड़ा हादसा,12 मजदूर घायल
घटना के बाद अंचल अधिकारी ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि कल से यहां एक भी सब्जी दुकान लगी, तो उसे भी रौंद दिया जाएगा। इससे बाजार में अफरा-तफरी फैल गई और विक्रेताओं में भय का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद बरवाडीह थाना के सब-इंस्पेक्टर नीरज दुबे ने कथित रूप से कहा कि सीओ साहब ने तो कम किया है, हम रहते तो पूरा बाजार रौंद देते। इस बयान ने दुकानदारों में रोष बढ़ा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही व्यवसायिक समिति के अध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने सांसद कालीचरण सिंह, जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं बरवाडीह एसडीपीओ को फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया। वरीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैंक से बाहर निकलने के बाद व्यवसायिक समिति के सदस्यों ने अंचल अधिकारी से बातचीत कर इस कृत्य को मनमानी बताया। समिति ने कहा कि राज्य के अन्य सब्जी बाजारों में भीड़ अधिक रहती है, लेकिन बरवाडीह में चारपहिया वाहनों का प्रवेश सामान्य है। अंचलाधिकारी लवकेश सिंह ने कहा कि मुझ पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं।


