भारी बारिश का कहर, कोलकाता एयरपोर्ट का रनवे डूबा; VIDEO

IMD Weather Updates: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का रनवे भारी बारिश के कारण जलमग्न हो गया है। शहर में शनिवार को लगातार बारिश के बाद कोलकाता एयरपोर्ट के रनवे पर जलभराव हो गया। भारी बारिश के कारण कोलकाता, हावड़ा, साल्ट लेक और बैरकपुर में जलभराव हो गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि यह स्थिति पूरे दिन बनी रहेगी।

पश्चिम बंगाल के अन्य जिलों में खूब हुई बारिश

पुलिस के अनुसार, कोलकाता के मध्य और दक्षिण के कुछ हिस्सों में भी जलभराव हो गया, हालांकि वहां यातायात बाधित नहीं हुआ है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता के कई हिस्सों में शुक्रवार दोपहर से अब तक सात सेंटीमीटर तक बारिश हुई। उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र पर बना निम्न दबाव सघन ‘अवदाब’ में बदल गया है। यह धीरे-धीरे बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में सक्रिय मानसून के कारण बारिश हुई है।”

शनिवार को भी जारी रही बारिश

अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, पूर्व बर्धमान, हुगली, नादिया तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों में अगले 12 घंटों तक बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग ने बिजली गिरने के साथ-साथ तूफान आने की भी चेतावनी दी है। कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय जिलों में भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में आईएमडी का अलर्ट

राज्य के पुरुलिया, मुर्शिदाबाद, मालदा, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में तेज बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। अलीपुरद्वार जिले के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है, जहां 20 सेमी तक बारिश होने की संभावना है। कोलकाता में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.4 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम था।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now