कोडरमाः नाबालिग के साथ कथित यौन शोषण के मामले में कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पीड़िता हजारीबाग की रहने वाली है।
इलाज के सिलसिले में वह सिविल सर्जन के संपर्क में आई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसे झांसा देकर लगातार यौन शोषण किया गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉ. अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि इस संबंध में कोडरमा महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, मामला हाई लेवल का होने के कारण घटना की अवधि, शिकायत में लगाए गए आरोपों के विस्तृत ब्योरे और पुलिस की जांच से संबंधित आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
मामले से स्वास्थ्य महकमे में हलचल है। फिलहाल गिरफ्तारी के बाद उन्हें तिलैया डैम ओपी में रखा गया है। महिला थाना की प्रारंभिक जांच के बाद घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है।





