बोकारो: पिंडराजौरा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड फाउंडेशन केंद्र द्वारा सर्वोदय +2 उच्च विद्यालय, पिंडराजौरा के सहयोग से एक भव्य योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और प्रार्थना के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय में स्वास्थ्य, आत्म-संयम और मानसिक शांति के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

झारखंड फाउंडेशन केंद्र के कार्यकारी निदेशक डॉ. जयदेव कुमार महतो ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा,
“योग केवल शरीर को लचीला बनाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह मन की स्थिरता, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का अद्भुत साधन है। हमारा लक्ष्य है कि राज्य का हर युवा योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए।”

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री महेश्वर महतो सहित शिक्षक श्री भृगु राम महतो, सुबोध कुमार और अंगद कुमार ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संकल्प दिलाया गया। प्रतिभागियों में उत्साह देखते ही बनता था और सभी ने इस आयोजन को प्रेरणादायक एवं लाभकारी बताया।


