रांचीः डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित स्प्रिंग मॉल के फन सिनेमा में फिल्म देखने पहुंचे कोर्ट परिसर में कार्यरत एक व्यक्ति और उसके दोस्तों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिनेमा हॉल में नशे की हालत में हंगामा कर रहे युवकों की शिकायत करना उन्हें भारी पड़ गया। शिकायत के बाद 12 से 15 युवकों ने एकजुट होकर उनके साथ मारपीट की और जान से माने की नीयत से हमला किया। मामले को लेकर कोर्ट कंपाउंड, कचहरी निवासी अपूप उपाध्याय के लिखित आवेदन पर डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अंकित झा, पंकज महतो और 12 से 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आवेदन के अनुसार, चार सितंबर को अनूप उपाध्याय अपने दोस्तों के साथ स्प्रिंग सिटी मॉल स्थित फन सिनेमा में फिल्म देखने गए थे। वे ऑडिटोरियम-2 में फिल्म देख रहे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद करीब 12 से 15 युवकों ने कथित रूप से नशे की हालत में हंगामा और उत्पात कर रहे थे। आरोप है कि हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और युवकों को चेतावनी दी। इसके बावजूद वे नहीं माने और अभद्र व्यवहार करने लगे। उन्होंने युवकों को समझाने का प्रयास किया और अपना परिचय कोर्ट में कार्यरत होने के रूप में दिया, लेकिन युवक शांत नहीं हुए।








