लोहरदगा : झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से सोमवार को जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सह कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में केंद्रीय सदस्य राधा तिर्की, केंद्रीय सचिव अनिल उरांव, बालमुकुंद लोहरा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे का भव्य स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर उनका अभिनंदन किया। पारंपरिक तरीके से माला पहनाकर स्वागत किया गया और कार्यकर्ताओं ने झामुमो के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। सम्मेलन स्थल पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी रही। मुख्य संबोधन में विनोद कुमार पांडे ने कहा कि झारखंड में झामुमो के नेतृत्व में सरकार सफलतापूर्वक कार्य कर रही है और पार्टी राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि संगठन की असली शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं और चुनावी जीत की बुनियाद भी बूथ से ही तैयार होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच सक्रिय रहकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए अनुशासन, समर्पण और सक्रियता जरूरी है। सम्मेलन में झामुमो के जिला सचिव अनिल उरांव, केंद्रीय सदस्य राधा तिर्की, नीरू शांति भगत, अख्तर अंसारी, तिवारी उरांव, चिलगु भगत, अजय उरांव, शातिम टोप्पो, शंकर उरांव, परवेज अंसारी, राजकिशोर राम, सजाद अंसारी, कृष्ण उरांव, आकाश साहू, बिनेश गुप्ता, बालमुकुंद लोहरा, हसनैन खलीफा, सुषमा उरांव के साथ सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बूथ स्तर को मजबूत करने पर जोर
सम्मेलन के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। वर्तमान जनगणना प्रक्रिया और संभावित एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर भी कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई। नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं और जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करें।

गठबंधन में सहमति से तय होंगे प्रत्याशी
विनोद कुमार पांडे ने कहा कि झामुमो इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और चुनाव में प्रत्याशियों के चयन को लेकर सभी निर्णय गठबंधन सहयोगियों के साथ चर्चा के बाद ही लिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन की बैठकों में आपसी सहमति बनने के बाद ही उम्मीदवारों के नाम तय होंगे। उन्होंने कहा कि जो भी प्रत्याशी मैदान में उतरेगा, वह इंडिया गठबंधन का साझा उम्मीदवार होगा और सभी सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त रूप से चुनाव लड़ा जाएगा। कांग्रेस के साथ संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रही चर्चाएं अलग बात हैं, लेकिन अंतिम निर्णय गठबंधन की बैठकों में ही तय होगा।

संगठन विस्तार अभियान तेज करने का निर्णय
जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि लोहरदगा जिले में संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर लगातार कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी हर पंचायत और बूथ तक अपनी सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करेगी तथा कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।


