गुमला : पालकोट प्रखंड के सतखारी गांव में मंगलवार को एक भयावह हादसा हुआ, जिसमें दो ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सतखारी निवासी सागर कुल्लू (25 वर्ष) और उनके जीजा बीजू एक्का (28 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सतखारी से सवना टोली जाने वाले मार्ग पर स्थित एक बड़े पीपल के पेड़ की मोटी डाली काटने का काम चल रहा था। दोनों युवक मोटरसाइकिल से उसी मार्ग से गुजर रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें पहले ही चेतावनी दी थी, लेकिन दोनों डाली के नीचे से गुजरने की कोशिश में लगे रहे।
दुर्गा पूजा के दौरान झारखंड में बारिश का अलर्ट, 1 अक्टूबर से दिखने लगेगा कई जिलों में असर
जैसे ही मोटरसाइकिल डाली के नीचे पहुंची, भारी डाली अचानक टूट कर उनके ऊपर गिर गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मिलकर डाली को हटाया और दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना प्रभारी तरुण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने पूरे सतखारी गांव में शोक की लहर है। मृतकों के परिवार और ग्रामीण सदमे में हैं




